चंडीगढ़ के डंपिंग ग्राउंड में फैले कचरे को लेकर नगर निगम अब सख्त नजर आ रहा है। मेयर ने खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक हर हाल में कचरा पूरी तरह साफ किया जाए। निरीक्षण के दौरान कचरा उठाने की धीमी रफ्तार पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड पर कचरे का ढेर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। आसपास रहने वाले लोगों को बदबू और गंदगी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों में गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान डंपिंग साइट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में खामियां भी सामने आईं। कुछ कैमरे बंद मिले तो वहीं कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौके से गायब पाए गए। इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कैमरे दुरुस्त किए जाएं और रिकॉर्ड की नियमित जांच की जाए। साथ ही, गायब दस्तावेजों की जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाए। 24 घंटे में एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश
मेयर ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर कचरा निस्तारण का पूरा एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि काम को वैज्ञानिक और पर्यावरण मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो। इसके अलावा, रोजाना काम की मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट भी तैयार करने को कहा गया है। मेयर ने भरोसा जताया कि तय समय सीमा के भीतर डंपिंग ग्राउंड को पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा।