चंडीगढ़ में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे ही पानी की किल्लत को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसके लिए नगर निगम की टीम गठित की गई है, जो 20 मई तक शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी की बर्बादी रोकने के लिए काम करेगी। इसमें नगर निगम की तरफ से डायरेक्ट पाइप से गाड़ी धोना, पार्क में पानी देना या फर्श धोने जैसी गतिविधियों पर पाबंदी लगाई गई है। जो भी व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर 8 लोगों के काटे चालान नगर निगम की तरफ से अब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। करीब 600 से अधिक लोगों को ये नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से आठ लोगों के चालान भी काटे गए हैं। वहीं, एक घर का कनेक्शन भी काट दिया गया है। नगर निगम की टीम पहले नोटिस देती है, दूसरी बार उल्लंघन करने पर चालान काटा जाता है और बार-बार ऐसा करने पर कनेक्शन काट दिया जाता है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए जरूरी कदम नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया कि गर्मी के दिनों में पानी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में पानी की किल्लत न हो, इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कई लोग जानबूझकर पानी की बर्बादी करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माना, चालान और कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई की जा रही है, जो 20 मई तक जारी रहेगी।