पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की उसके NRI बॉयफ्रेंड सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी बराड़ ने हत्या कर दी। शादी न करने पर उसने इंदर को लुधियाना में समराला के नजदीक नीलो नहर के किनारे कार में गोली मारी। इसके बाद लाश नीलो नहर और उसकी कार रामपुर गांव के पास नहर में फेंक दी। इंदर कौर की लाश समराला पुलिस को बंद पड़े टोल प्लाजा से 50 मीटर दूर नहर में पड़े सूखे पेड़ से फंसी हुई मिली। जहां लाश बरामद हुई है उससे 7 किलोमीटर दूर रामपुर गांव में नहर से थाना जमालपुर की पुलिस को इंदर की फोर्ड फिगो कार बरामद हुई। अब दैनिक भास्कर की टीम इंदर कौर के डेथ स्पॉट पर पहुंची। आरोपियों ने जहां रात के अंधेरे में कार को नहर में फेंका वहां पर दिन में भी जाने से लोग कतराते हैं। रामपुर गांव की पुली के पास बैठे लोगों ने कैमरे के सामने कुछ नहीं बताया। लेकिन ऑफ कैमरा सतनाम सिंह ने बताया कि नहर के किनारे पूरा जंगल है और वहां किसी का आना जाना नहीं है। जब पुलिस कार को बरामद करने पहुंची तो गांव के लोग भी सहम गए। उनका कहना है कि इस रास्ते कोई अंजान आदमी आ ही नहीं सकता। उनका कहना है कि जो भी रात को यहां कार फेंकने आए हैं निश्चित तौर पर वो पहले भी आए होंगे। कहां हत्या की, किस जगह हथियार छिपाए, ये जानने के लिए नीचे पूरी रिपोर्ट पढ़ें… हत्या वाली जगह से 1 किलोमीटर दूर मिली लाश
जानकारी के मुताबिक 13 मई की रात को करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार से राशन लेने बाजार गई थी। 9 बजे सुखविंदर ने साजिश के तहत इंदर कौर को फोन करके नीलो नहर के पुल पर बुलाया। वहां सुखविंदर, उसका पिता प्रीतम सिंह और उसके दो दोस्त करमजीत सिंह और रविंदर सिंह रवि पहले से मौजूद थे। इन सबने मिलकर बंदूक के दम पर इंदर को कार समेत किडनैप कर लिया। इसके बाद उन्होंने इंदर की गोलियां मारकर हत्या कर दी और फिर लाश नहर में फेंक दी। 19 मई को इंदर कौर की लाश नीलो पुल से करीब आधा किलोमीटर दूर बंद टोल प्लाजा के पास नहर में पड़े सूखे पेड़ के पास फंसी हुई मिली। शव 6 दिन से पानी में पड़े रहने के कारण फूल गया था। इसलिए उसके बाहर निकालने में भी पुलिस को परेशानी हुई। पुलिस की टीम ने जब शव को बाहर निकाला तो उसके लिए उन्हें मेडिकल ग्लव्स पहनने पड़े। नहर के किनारे ग्लव्स अब भी पड़े हुए हैं। नहर में जहां से पुलिस को शव बरामद हुआ वहां पर न तो खून के निशान थे और न ही झाड़ियां टूटी हुई मिलीं। हत्या के बाद बंद टोल प्लाजा के पीछे छिपाए हथियार
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे दो रिवॉल्वर बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार जमालपुर पुलिस ने बंद टोल प्लाजा के पीछे से हथियार बरामद किए। सुखविंदर ने जब इंदर की हत्या करके शव नहर में फेंका तो वो उसकी कार को लेकर दोराहा की तरफ गया। उसने हत्या में प्रयोग किया रिवॉल्वर व गोलियां बंद पड़े टोल प्लाजा के पीछे छुपाए। जमालपुर पुलिस बुधवार को आरोपियों को लेकर टोल प्लाजा के पीछे पहुंची थी और वहीं से हथियार बरामद किए। जंगल के बीचों-बीच डेढ़ किलोमीटर ले गए कार
पुराने टोल प्लाजा के पीछे हथियार छुपाने के बाद सुखविंदर इंदर की कार लेकर रामपुर पुली तक पहुंचा। वहां से आगे दोराहा था और दोराहा से उसे दिल्ली रोड की तरफ कनाडा के लिए निकलना था। रामपुर पुली के पास पहुंचकर उसने कार राइट मोड़ी। पुली पार करके रामपुर गांव की तरफ गया। पुली पार करते ही एक सड़क लेफ्ट मुड़ती है, जो कि नहर के किनारे-किनारे जंगल में जाती है। स्थानीय निवासी मनदीप सिंह का कहना है कि जब पुलिस कार बरामद करने आई तो वो भी साथ में थे। उसने बताया कि रामपुर की पुली से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे कार पानी में फेंकी गई थी। कार जब बाहर निकाली तो उसकी नंबर प्लेट टूटी हुई मिली। उसका कहना है कि यह रास्ता आगे बंद है और दिन में भी लोग इस रास्ते पर नहीं जाते हैं। रास्ता आगे जाकर कच्चा है। दैनिक भास्कर टीम नहर के किनारे उस पॉइंट तक पहुंची जहां से कार को नहर में फेंका गया था। दोस्त भी साथ में गया जंगल तक
सुखविंदर ने 10 बजे के बाद ही इंदर कौर की हत्या की, क्योंकि इंदर कौर के भाई का कहना है कि 10 बजे आखिरी बार उसकी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वो कुछ देर बाद घर आ रही है। जिसका सीधा मतलब है कि इंदर की हत्या दस बजे के बाद ही हुई है। हत्या के बाद कार को जंगल में ठिकाने लगाने के लिए उसका दोस्त करमजीत, जो टैक्सी चलाता है, वह भी उसके साथ गया था। गाड़ी को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी उसी की टैक्सी में सवार होकर वापस आया। वहीं दूसरी टैक्सी में उसका पिता प्रीतम सिंह नहर के किनारे-किनारे दक्षिणी बाईपास से वेरका मिल्क प्लांट होते हुए मोगा गया। जबकि आरोपी दोस्त की टैक्सी में दिल्ली रोड की तरफ निकला। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी हरिद्वार होते हुए उत्तराखंड के रास्ते नेपाल गया है। करमजीत ने पुलिस को बताया है कि वो उसे नेपाल बॉर्डर तक छोड़कर आया था। दोस्त की निशानदेही पर बरामद हुई कार
जोतइंदर सिंह ने थाना जमालपुर में 15 मई को इंदर कौर के किडनैप की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस करना शुरू किया। पुलिस ने सबसे पहले करमजीत को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। उसी ने ही हत्या का राज खोला। उसकी निशानदेही पर 16 मई को कार बरामद की गई। नहर में शव ढूंढते रहे गोताखोर व पुलिस
जमालपुर पुलिस ने करमजीत सिंह की शिनाख्त पर नीलो नहर में इंदर कौर की डेडबॉडी तलाशनी शुरू की। इसके लिए उन्होंने गोताखोर बुलाए और तीन दिन तक लगातार शव ढूंढते रहे। लेकिन पुलिस को उसका शव नहीं मिला। मंगलवार को किसी राहगीर ने समराला पुलिस को लड़की के शव की सूचना दी। इसके बाद समराला पुलिस ने उसे नहर से निकाला और कब्जे में लिया। हत्या के लिए प्लान बनाकर आए थे
डीसीपी ने कहा कि आरोपी लड़की की हत्या करने की प्लानिंग करके आए थे। चंडीगढ़ रोड पर आकर आरोपी ने लड़की को फोन करके बुलाया। आरोपी उसकी कार में बैठ गया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जो दो वेपन बरामद किए हैं, वह सुखविंदर के नाम पर हैं। अब पढ़िए क्यों की हत्या… एसएचाओ हरविंदर सिंह बोले- 112 पर आई थी कॉल
समराला थाने के SHO हरविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को 112 पर सूचना आई की नीलो दोराहा रोड पर बंद पड़े टोल प्लाजा के पास नहर में एक लड़की की लाश है। टीम मौके पर भेजी और लाश को बरामद करके समराला सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखी। इसके बाद सभी थानों को सूचना दी गई। जमालपुर पुलिस पहले से ही लड़की की लाश को ढूंढ रही थी। इसके बाद लड़की के परिजन आए और उन्होंने लाश की पहचान की। उन्होंने बताया कि जहां लाश बरामद हुई वह एरिया थाना समराला में है। ——— ये खबर भी पढ़ें… पंजाबी सिंगर की लव टू मर्डर स्टोरी, इंस्टा पर प्यार, NRI बॉयफ्रेंड मैरिड निकला तो शादी से किया इनकार, उसने गोली मारी पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर की लव स्टोरी भी डेथ स्टोरी में कंवर्ट हो गई। इंदर कौर कनाडा में रहने वाले मोगा के सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी बराड़ से इंस्टाग्राम पर मिली। दोनों में चैटिंग हुई और फिर दोस्ती हो गई। कुछ दिन दोस्ती के बाद दोनों को प्यार हो गया और एक दूसरे के साथ शादी का वादा कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)