चंडीगढ़ सूरज मर्डर केस, मां बोली- हत्यारों को मिले फांसी:एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं, गली में घेरा था, लात-घूंसे मारे; लोग VIDEO बनाते रहे

चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में मंगलवार (12 मई) शाम हुई सूरज की हत्या मामले में अभी भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं मृतक की मां राजवाला ने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की है कि उसके बेटे के हत्यारों को फांसी या पूरी जिंदगी जेल में सड़ने जैसी सजा दी जाए, ताकि अगर कोई किसी मां की कोख उजाड़े तो उसे सजा के बारे में सोचकर डर लगे। वहीं बुधवार को मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आज वीरवार को फिर परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं, जहां पुलिस भी मौजूद है और मृतक सूरज का पोस्टमार्टम खत्म हो चुका है लेकिन परिजनों ने अभी तक बॉडी नहीं ली। परिवार का कहना है कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। ड्यूटी से लौट रहा था घर मृतक सूरज कुमार ड्यूटी के बाद बाइक पर घर लौट रहा था। तभी 5 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और चाकू-किरच से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर लगातार चाकू मारे। युवक ने बचकर भागने के प्रयास भी किया, लेकिन वह जमीन पर गिर पड़ा तो हमलावरों ने दोबारा उस पर चाकुओं से वार किए। यह वारदात दिनदहाड़े की गई। लोग घरों की बालकनियों में खड़े होकर इसका वीडियो बनाते रहे, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया। गंभीर हालत में युवक को जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने 108 पर कॉल कर बुलवाई एंबुलेंस मौके पर मौजूद किसी महिला ने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई थी। कुछ ही देर में पीसीआर टीम पहुंची और घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही दड़वा पुलिस चौकी, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक एक्सपर्ट और सेक्टर-36 स्थित सेंट्रल साइंस फोरेंसिक लैब की टीम ने घटनास्थल से खून के सैंपल जुटाए। वीडियो बनाते रहे लोग, किसी ने बचाया नहीं मृतक के पिता मुकेश ने कहा कि उन्हें अभी तक समझ नहीं आ रहा कि उनके बेटे की हत्या क्यों की गई? उन्होंने उन लोगों पर भी नाराजगी जताई, जो घटना के दौरान छतों से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने सूरज को बचाने की कोशिश नहीं की। वीडियो में क्या दिख रहा वारदात का 55 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें हमलावर सूरज पर हमला करते दिख रहे हैं। हमलावर सूरज को बालों से पकड़कर उसकी छाती, पीठ, पेट में चाकू मार रहे हैं। कुछ हमलावर हवा में उछल उछल कर उसके चेहरे पर किक मार रहे हैं। सूरज की शर्ट पीछे से फट चुकी है और पूरा शरीर खून में लाल हो रखा है। वह छोड़ने के लिए हमलावरों की मिन्नतें कर रहा है, लेकिन हमलावर बिना रुके चाकू के वार कर रहे हैं। आखिर में सूरज किसी तरह खुद को छुड़ाकर भागता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ ही कदम चलकर गिर गया था, पांचों हमलावरों ने फिर से उस पर चाकू के वार किए। थिएटर कंपनी में काम करता था सूरज मृतक के कजिन अंकित ने बताया कि शाम को सूरज के दोस्त राहुल का फोन आया था। उसने बताया कि कुछ युवकों ने सूरज पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया है। इसके बाद परिवार के लोग सीधे अस्पताल पहुंचे। सूरज चंडीगढ़ की एक थिएटर कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था। घटना के समय वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। परिवार के मुताबिक सूरज और धीरज जुड़वा भाई थे। धीरज सूरज से सिर्फ एक मिनट बड़ा है। धीरज इंडस्ट्रियल एरिया की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *