चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में पेट्रोल चोरी करते हुए बुड़ैल जेल से फरार एक भगोड़े कैदी को पकड़ लिया गया। आरोपी को अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ने बहादुरी दिखाते हुए करीब आधा किलोमीटर पीछा कर दबोचा। उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार सिक्योरिटी गार्ड अवतार सिंह की ड्यूटी सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक सिक्योरिटी कंट्रोल रूम में थी। इसी दौरान ब्लड बैंक का एक कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिल पार्क कर कंट्रोल रूम पहुंचा और उसने बताया कि पार्किंग में घूम रहे दो युवक संदिग्ध लग रहे हैं। धक्का देकर भागा आरोपी सूचना मिलते ही अवतार सिंह तुरंत पार्किंग की तरफ पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक युवक मोटरसाइकिल की पाइप काटकर पेट्रोल निकाल रहा था। जब अवतार सिंह ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा शुरू किया। करीब आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद नर्सिंग कॉलेज के सामने आरोपी को पकड़ लिया गया। बाद में उसे सेक्टर-32 पुलिस चौकी ले जाया गया। तलाशी लो तो मिले मोबाइल फोन तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने जब एक मोबाइल ऑन किया तो उस पर कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि मोबाइल उसका है और कुछ दिन पहले चोरी हो गया था। बाद में मोबाइल मालिक चौकी पहुंचा और फोन की पहचान कर उसे वापस ले लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वह बुड़ैल जेल से फरार चल रहा भगोड़ा कैदी है। सूचना मिलने के बाद बुड़ैल जेल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई।