चंडीगढ़ में सोशल मीडिया पर युवकों के तीन वीडियो वायरल हो रहे थे, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने जॉम्बी ड्रग्स ली हुई है। इसी वजह से वे घंटों तक एक ही जगह स्टैच्यू बनकर खड़े रहते हैं।इस मामले में अब पहली बार चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर सामने आईं। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में चंडीगढ़ के धनास का रहने वाला एक युवक सामने आया, जो पेशे से डिलीवरी ड्राइवर है। उसने बताया कि वह मोहाली की तरफ डिलीवरी देने गया था, जहां से उसने हेरोइन खरीदी और उसका सेवन किया। जब वह वापस लौट रहा था, तो रास्ते में ड्रग्स के असर के कारण कुछ देर के लिए रुक गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अन्य वीडियो चंडीगढ़ की नहीं थीं। वे वीडियो अन्य राज्यों की थीं, जिन्हें बाद में सत्यापित कर लिया गया था। फिलहाल मार्केट में किसी नए प्रकार के ड्रग आने की कोई सूचना नहीं मिली है। चंडीगढ़ में ड्रग्स बेचने वाले पेडलर्स पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और हाल के दिनों में काफी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रशासन शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है, ताकि नशीली दवाओं की बिक्री और सेवन को रोका जा सके। चंडीगढ़ में पहला वीडियो 25 मार्च को सेक्टर 33B में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय का सामने आया था। जो करीब ढाई घंटे तक सड़क पर बिल्कुल स्थिर और अचेत अवस्था में खड़ा रहा। यह वीडियो खूब वायरल हुआ तो सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे अमेरिका में मशहूर ‘जॉम्बीड्रग’ से जोड़ा। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। पुलिस ने शक जताया था कि यह किसी अन्य नशे या मेडिकल इमरजेंसी का मामला हो सकता है। दोस्तों ने नशे की लत लगाई चंडीगढ़ सेक्टर 25 सड़क किनारे करीब एक घंटे तक ‘स्टैच्यू’ बन बैठे युवक का वीडियो सामने आने के बाद दैनिक भास्कर ने उसे ढूंढ निकाला था और उसकी आपबीती जानी। युवक ने बताया कि वह करीब दो महीने से कथित “जॉम्बी ड्रग” की चपेट में है, जहां दोस्तों ने ही उसे इस नशे में धकेला। उसने कहा कि पहले हेरोइन लेते थे, लेकिन अब इंजेक्शन के जरिए लिए जाने वाले इस खतरनाक नशे का आदी हो चुका है, जिसके असर से शरीर सुन्न पड़ जाता है और इंसान घंटों तक एक ही पोजीशन में जड़ हो जाता है। PGI में सफाई कर्मी की नौकरी छूटने के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ी। इलाज और काउंसलिंग के बावजूद वह दोबारा नशे में लौट गया। जानिए कौन है युवक, कैसे नशे की लत में फंसा…युवक की जुबानी, पूरी कहानी… युवक ने बताईं ये बड़ी बातें… दोस्तों ने नशे की लत में फंसाया: सेक्टर-25 में नशे की हालत में मिले अजय ने होश में आने के बाद अपने बारे में बताया। उसने कहा कि वह करीब दो महीने पहले इस तथाकथित जॉम्बी ड्रग के नशे में आया। उसके दोस्तों ने ही उसे इस नशे की तरफ लगाया, जिसके बाद वह इसकी लत में फंस गया। पहले हेरोइन लेता था, अब जॉम्बी ड्रग: अजय ने कहा कि इससे पहले वह हेरोइन का नशा करता था, लेकिन बाद में उसने यह ज्यादा खतरनाक नशा शुरू कर दिया। इस नशे का असर बेहद खतरनाक होता है। उसने बताया कि इसे लेने के बाद इंसान का शरीर सुन्न हो जाता है और कई बार वह जिस पोजीशन में होता है, उसी में लंबे समय तक जड़ हो जाता है। इंजेक्शन के जरिए नस में लगाया जाता: अजय ने कहा कि अगर कोई खड़ा है, तो खड़ा ही रह जाता है और अगर बैठा है, तो उसी तरह बैठा रहता है, शरीर में किसी तरह की हलचल नहीं होती। अजय ने यह भी दावा किया कि यह नशा इंजेक्शन के जरिए नस में लगाया जाता है। ड्रग मिलने वाली जगहों के नाम भी बताए: अजय ने कहा कि यह ड्रग सेक्टर 38-ए, डड्डूमाजरा कॉलोनी की चार मंजिला इमारतों में और मलोया में मिलता है, जहां से उसके दोस्त इसे लेकर आते थे। हालांकि अजय के बाता जॉम्बी ड्रग के क्षेत्रों की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। युवक फुटपाथ किनारे खड़ा दिखा दूसरा वीडियो सारंगपुर एरिया से सामने आया था। इसमें दिखा कि एक युवक सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़ा था। उसके आसपास 10 से 15 लोग बैठे हुए थे और कुछ वहां से गुजर भी रहे हैं। युवक अपने पैरों को मोड़कर खड़ा हुआ था। उसकी जिसकी आंखें बंद और मुंह खुला हुआ था। उसके एक हाथ में बीड़ी थी और शरीर में कोई मूवमेंट नहीं थी। तब भी पुलिस ने जांच का भरोसा दिया था।