पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को बरनाला पहुंचे। वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के विरुद्ध बनाए गए सख्त कानून के उपलक्ष्य में आयोजित ‘शुकराना यात्रा’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए बेअदबी की घटनाओं पर पिछली सरकारों की ढिलाई और वर्तमान सरकार की सख्ती पर बात की। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब में लंबे समय से शरारती तत्व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं, लेकिन उचित और सख्त कानून न होने के कारण वे बच निकलते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने ऐसा मजबूत कानून तैयार किया है जिसके तहत गुरु साहिब की बेअदबी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मान बोले- हाईकोर्ट जाने वाले पर लगा 10 हजार का जुर्माना संबोधन के दौरान सीएम ने एक महत्वपूर्ण कानूनी जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और अकाली दल के बहकावे में आकर एक व्यक्ति ने इस सख्त कानून के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने न केवल उस याचिका को रद्द किया, बल्कि याचिकाकर्ता पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून को अब कोई भी चुनौती देकर रद्द नहीं करवा सकता, क्योंकि इसे सरकार द्वारा लागू करने के बाद राज्यपाल ने भी अपनी मंजूरी दे दी है।