झज्जर में चलती कार में लगी आग:दो युवकों ने कूदकर बचाई जान, पानीपत से मार्बल खरीदने आ रहे थे; शॉर्ट सर्किट की आशंका

झज्जर में शुक्रवार को NH-352D पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसा झज्जर-सांपला रोड पर गांव रामपुरा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और फिर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 के जरिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोस्त के साथ मार्बल पत्थर खरीदने आ रहे थे जानकारी के अनुसार, पानीपत जिले के शाहपुर निवासी संदीप अपने एक दोस्त के साथ झज्जर में मार्बल पत्थर खरीदने आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार रामपुरा गांव के पास पहुंची तो गाड़ी से धुआं निकलने लगा। दोनों युवकों ने तुरंत कार रोकी और नीचे उतरकर कारण जानने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है। सूचना मिलने के बाद दुजाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *