सिरसा के डबवाली के वार्ड नंबर 8 निवासी कारोबारी विनोद ग्रोवर (51) ने अबूबशहर, राजस्थान कैनाल नहर में छलांग लगा दी। यह घटना उनके बेटे की 24 मई को होने वाली शादी से ठीक पहले हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से घर में एक युवती को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि अभी तक शव कारोबारी का शव बरामद नहीं हो सका है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, विनोद ग्रोवर पुत्र मोहन लाल ग्रोवर डबवाली में पशु व्यापार, दूध की डेयरी और एक किरयाना की दुकान चलाते थे। रविवार की दोपहर करीब 12 बजे वह बस से अबूबशहर नहर की पटरी पर पहुंचे। कालातीतर के पास उन्होंने फतेहाबाद में रहने वाले अपने भांजे को फोन किया और कहा, “मैं अपने भाई के पास जा रहा हूँ।” इसके बाद उन्होंने अपने जूते, चप्पल, मोबाइल फोन और जेब में रखे पैसे नहर किनारे छोड़कर नहर में छलांग लगा दी। भांजे ने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी। परिवार में युवती को लेकर विवाद सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से विनोद ग्रोवर के घर में चंडीगढ़ से आई एक युवती को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि युवती अपने साथ पुलिस भी लाई थी और यह मामला विनोद ग्रोवर के बेटे से संबंधित था। बेटे की शादी 24 मई को बेगू में अपनी ही रिश्तेदारी में तय थी और तैयारियां चल रही थीं। चंडीगढ़ की युवती के आने के बाद से परिवार में तनाव बढ़ गया था। जनप्रतिनिधि से भी की थी मुलाकात, सुलझाने का था प्रयास विनोद ग्रोवर इस मामले को लेकर काफी तनाव में थे। वह इस विवाद को शांति से सुलझाने के लिए पिछले तीन दिनों से लगातार शहर के एक जनप्रतिनिधि के संपर्क में थे। रविवार सुबह भी वे इस मामले को लेकर उक्त जनप्रतिनिधि के पास गए थे, जहां पारिवारिक स्तर पर बैठकर बात सुलझाने का आश्वासन भी मिला था। लेकिन शायद मानसिक तनाव इस कदर बढ़ चुका था कि उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया। डेढ़ साल पहले भाई ने भी किया था यही आत्मघाती कदम इस घटना ने ग्रोवर परिवार को एक बार फिर गहरे जख्म दे दिए हैं। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विनोद ग्रोवर के भाई अनिल ग्रोवर ने भी मानसिक परेशानी के चलते इसी तरह नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। अब विनोद के इस कदम से पूरा शहर स्तब्ध है, क्योंकि लोग उन्हें एक बेहद हंसमुख इंसान के रूप में जानते थे। शव की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में डबवाली के लोग और परिजन अबूबशहर नहर के किनारे एकत्र हो गए। शाम तक डबवाली प्रशासन और परिजनों द्वारा विभिन्न स्थानों से गोताखोर मंगवाने के प्रयास किए गए। खबर लिखे जाने तक परिहारी से आए पेशेवर गोताखोरों की टीम नहर में विनोद ग्रोवर के शव की तलाश में जुटी हुई थी।