पानीपत में रास्ता मांगने पर एडवोकेट का तोड़ा पैर; VIDEO:जीप सवारों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया, फिर 10 युवकों के साथ मिलकर किया हमला

पानीपत के मॉडल टाउन क्षेत्र में एडवोकेट पर सरेआम जानलेवा हमले का एक मामला सामने आया है। पानीपत कोर्ट के एक युवा वकील पर करीब 8 से 10 युवकों ने लाठी-डंडों और हथियारों से उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब उन्होंने बीच सड़क पर जाम लगा रही एक जोंगा जीप के ड्राइवर से रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया था। आरोपियों ने बेरहमी से पीट-पीटकर वकील का पैर तोड़ दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडवोकेट पर हमले की दो PHOTOS… नोट्स लेने जा रहे थे मूल रूप से आदर्श नगर निवासी पीड़ित एडवोकेट हेमंत ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह पानीपत कोर्ट में वकालत करते हैं। वह अपने दोस्त विजय के साथ क्रेटा कार में सवार होकर मॉडल टाउन स्थित अपने एक साथी वकील से परीक्षा के नोट्स लेने जा रहे थे। जब वे आर्य समाज मंदिर रिंग रोड के पास पहुंचे, तो उनके आगे एक काली खुली जोंगा जीप बेहद धीमी गति से सड़क के बिल्कुल बीच में चल रही थी। रास्ता मांगने पर बीच सड़क लहराई पिस्टल जीप में दो युवक सवार थे, जिनकी वजह से पीछे लंबा जाम लग रहा था। हेमंत ने जब रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया, तो जीप में ड्राइवर के साथ बैठे युवक ने अचानक हवा में पिस्टल लहरा दी और गाली देते हुए चिल्लाया और कहा साले चुप, छाती में गोली लगेगी। हेमंत ने तुरंत सुरक्षा के लिहाज से अपने मोबाइल से उस जोंगा जीप की वीडियो बनानी शुरू कर दी। लोगों को इकट्ठा होते देख दोनों जीप सवार युवक वहां से भाग निकले। साथियों को बुलाकर किया जानलेवा हमला, बुरी तरह तोड़ा पैर पीड़ित हेमंत के अनुसार, इस घटना के कुछ ही देर बाद जब वे सागर रत्ना रेस्टोरेंट के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर बाहर खड़े थे, तभी अचानक एक स्कूटी और सफेद रंग की कार में सवार होकर करीब 8 से 10 युवक वहां पहुंचे। उन सभी के हाथों में लाठी-डंडे और घातक हथियार थे। उन युवकों ने आते ही हेमंत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनकी कमर, कंधे, हाथ और पैरों पर बेरहमी से वार किए। जब हेमंत और उनके दोस्त ने शोर मचाया तो आरोपी भागने लगे। हेमंत ने हिम्मत दिखाकर भाग रहे स्कूटी सवार युवकों को पकड़ने की कोशिश की, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी गिर गई, लेकिन हेमंत गंभीर चोटों के कारण वहीं बेहोश हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *