फर्रुखनगर में गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत:शराब के नशे में सड़क पर घूम रहा, यूपी का रहने वाला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के पास देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो धरनीहावा, जिला सिद्धार्थ नगर, उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह फिलहाल गांव सुल्तानपुर में किराए पर रहता था और फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा करता था। जानकारी के अनुसार, गोविंद को शराब पीने की लत थी। बताया जा रहा है कि बीती रात उसने काफी शराब पी रखी थी और नशे की हालत में सुल्तानपुर रोड पर घूम रहा था। इसी दौरान गांव सुल्तानपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेक्टर-10 में रखवा दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *