पंजाब के तरनतारन जिले के कल्ला गांव में कर्ज से परेशान 32 वर्षीय किसान दिलावर सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार सुबह उनके घर पर हुई। मृतक दिलावर सिंह स्वर्गीय सुरजीत सिंह के बेटे थे। उनकी पत्नी और गांव के पूर्व सरपंच बलदेव सिंह ने पत्रकारों को बताया कि दिलावर खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते थे और भारी कर्ज से जूझ रहे थे। पुलिस जांच में जुटी परिजनों के अनुसार, दिलावर ने आज सुबह अपने कमरे में जाकर खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सदमे में है। सूचना मिलने पर गोइंदवाल साहिब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ बलजीत कौर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।