भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब युवक अकहवा दियारा से अपने घर लौट रहा था। प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही मौसम खराब था। शाम करीब 4 बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान लगभग 4:30 बजे प्रखंड मुख्यालय से सटे अकहवा दियारा के पास आकाशीय बिजली गिरी। मृतक की पहचान नगरपारा उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित कॉलेज टोला, नारायणपुर निवासी ओम प्रकाश यादव के 27 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बिजली की चपेट में आने से जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा जाएगा। मौके पर पहुंचे पूर्व मुखिया नरेंद्र कुमार उर्फ भोपाली यादव और सामाजिक कार्यकर्ता सुमित कुमार यादव ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।