रामनगर में विवाहिता की जलाकर हत्या:भाई ने दहेज के लिए जान लेने का आरोप लगाया, ससुराल पक्ष फरार

बेतिया में रामनगर नगर क्षेत्र के जोलहा टोली में मंगलवार देर रात एक विवाहिता खुशबू नेहा की कथित तौर पर जलाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। मृतका के भाई शेख सद्दाम ने बताया उसके बहन की शादी दिसंबर 2021 में रामनगर के जोलहा टोली निवासी औरंगजेब खान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले कार के लिए दबाव बना रहे थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे खुशबू नेहा गंभीर रूप से झुलसी हुई मिली। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामनगर ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएम सीएच बेतिया रेफर कर दिया। जीएम सीएच बेतिया में इलाज के दौरान खुशबू नेहा ने दम तोड़ दिया। डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि महिला लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी। रामनगर थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बुधवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजन इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *