नीतीश कुमार ने आज अपनाी आखिरी कैबिनेट बैठक ली। करीब 20 मिनट तक नीतीश ने मंत्रियों से अपनी बात की। बैठक में कई मंत्री भावुक हो गए। मंत्रियों को भावुक देख नीतीश भी इमोशनल नजर आए। मीटिंग के बाद नीतीश कुमार ने सचिवालय के एक-एक रूम को जाकर देखा। सचिवालय से बाहर निकलने के दौरान मंत्री अशोक चौधरी, रामकृपाल यादव, सुनील सिंह और मदन सहनी रो पड़े। नीतीश दोनों को समझाते हुए बाहर निकल आए। नीतीश कुमार ने मीटिंग में बिहार के विकास के लिए PM मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि मैं भले ही दिल्ली जा रहा हूं, लेकिन मेरी नजरें आप लोगों पर रहेगी। पढ़िए आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद मंत्रियों ने क्या कहा… पहले कैबिनेट मीटिंग की तस्वीरें देखिए… लखेंद्र पासवान बोले- बड़ा भावुक पल है मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा, मुख्यमंत्री जी ने सभी से कहा कि ये बड़ा भावुक पल है। अब आप लोग पहले से बेहतर काम कीजिए। हम सभी ने मिलकर बिहार को विकसित राज्य बनाया है। अब आप लोगों को इसे आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि, मैं दिल्ली जा रहा हूं, लेकिन वहां से सब देखता रहूंगा। आप लोगों पर मेरा प्यार और स्नेह बना रहेगा। राम कृपाल बोले- नीतीश ने जो किया कोई नहीं कर सकता मीटिंग खत्म होने के बाद राज्य सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, ‘आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। उन्होंने आभार व्यक्त किया, भावुक पल था। सभी ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। 20 साल तक उन्होंने काम किया। नीतीश कुमार ने जो आवाम के लिए किया है वो कोई नहीं कर सकता है। वे इस्तीफा देने जाएंगे, उन्होंने राज्यपाल से अनुमति ली है।’ लेसी सिंह बोलीं- भावुक पल के साथ गौरव का भी क्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा, ‘ये भावुक पल होने के साथ-साथ गौरव का भी क्षण है। ऐसे नेता के साथ मैंने इतने सालों तक काम किया है। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए बहुत कुछ किया है। नीतीश कुमार ने सभी को शुभकामनाएं दी हैं।’ इससे पहले 20 फरवरी को बुलाई गई थी कैबिनेट मीटिंग नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक 20 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसमें सोनपुर में एयरपोर्ट बनेगा एजेंडे पर मुहर लगी थी। पिछले दो महीने से कैबिनेट की कोई बैठक नहीं हुई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी इसपर सवाल उठा चुके हैं। बिहार की मौजूदा कैबिनेट में कुल 26 मंत्री शामिल हैं, जिनमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार, विजय चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान समेत अन्य मंत्री हैं।