नूंह में ₹1 करोड़ का चूरा पोस्त पकड़ा:2 नशा तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान से दिल्ली ले जा रहे थे

नूंह जिले में पुलिस ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी से 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। तस्करों ने मादक पदार्थ को प्याज के कट्टों के नीचे छिपा रखा था। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-अलवर रोड पर गांव नसीरबास के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया। गाड़ी रुकते ही ड्राइवर और उसके साथ बैठा युवक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। प्याज के कट्टों के नीचे छिपाया चूरा पोस्त पूछताछ में उनकी पहचान अलवर जिले के भालपुर निवासी गुरदीप सिंह और नौगांव थाना क्षेत्र के मंडापुर निवासी सतपाल के रूप में हुई। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो ऊपर प्याज से भरे 45 कट्टे मिले। इनके नीचे 30 प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। सभी कट्टों का वजन करने पर कुल 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत एक करोड़ रुपए पुलिस के अनुसार, यह खेप अलवर से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में पिकअप गाड़ी और मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके सक्रिय होने की अवधि की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *