पंचकूला पुलिस ने नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और नशा मुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने सेक्टर-20 क्षेत्र से हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को 505 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और ग्राहकों का खुलासा किया जा सके। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, 8 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी अपनी टीम के साथ नगर निगम चुनाव के मद्देनजर नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए सेक्टर-20 क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर युवक को किया अरेस्ट इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी निवासी पुष्प राज नामक युवक शमशान घाट रोड सेक्टर-20 स्थित पार्किंग क्षेत्र में चरस सप्लाई करने के लिए खड़ा है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि, मिली सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पुष्प राज निवासी गांव फागंला, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में बताई। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 505 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए टीम हिमाचल रवाना जांच के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू क्षेत्र से लेकर आया था तथा पंचकूला, ढकोली, जीरकपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने वाला था। आरोपी से पूछताछ में एक मुख्य सप्लायर की जानकारी भी मिली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले नशा तस्करों, अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।