पंचकूला में ITBP जवान की हार्टअटैक से मौत:मंदिर जाते समय गिरा, 2 बच्चों का पिता; अब मिलनी थी प्रमोशन-ट्रांसफर

हरियाणा के पंचकूला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान अजय की रविवार देर शाम हार्टअटैक से मौत हो गई। वह सेंटर के मंदिर में जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी जान चली गई। घटना से ITBP भानू सेंटर में शोक का माहौल है। अजय मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की किरावली तहसील के बामन गांव का रहने वाला था। वह पिछले तीन साल से पंचकूला के भानू स्थित ITBP सेंटर में तैनात था और जल्द ही यहां से उसका ट्रांसफर भी होना था। अजय साल 2010 में ITBP में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुआ था और करीब 16 साल की सेवा पूरी कर चुका था। अब उसे हवलदार पद पर प्रमोशन मिलने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसका निधन हो गया। अजय का पार्थिव शरीर सोमवार को देर रात गांव में पहुंचेगा, जहां पर मंगलवार की सुबह उसका अंतिम संस्कार होगा। 2 बच्चों का पिता परिवार में वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। उसका बड़ा बेटा करीब साढ़े 12 साल का है। अजय का बड़ा भाई भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में सेवारत ह। जानकारी के अनुसार, अजय ग्लेशियर में तैनाती के दौरान ग्लूकोमा जैसी गंभीर आंखों की बीमारी से भी ग्रस्त हो गया था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार अपनी ड्यूटी निभाता रहा। जवान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं ITBP के अधिकारियों और साथियों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *