पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। आज (17 मई) को राज्य में मौसम ड्राई रहेगा। जबकि, कल से अगले पांच दिनों तक हीट वेव चलने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक शनिवार की तुलना में तापमान में 2.1 डिग्री की वृद्धि हुई है। अब तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक 42.6 डिग्री तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया है। सभी जिलों तापमान 36 से 42 डिग्री तक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य के सभी जिलों का तापमान 36 डिग्री से अधिक चल रहा है, जबकि तीन जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। इनमें पटियाला, बठिंडा और फरीदकोट शामिल हैं। चंडीगढ़ का तापमान 39 डिग्री रहा, जिसमें 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अमृतसर में 38.2, लुधियाना में 39.8, पटियाला में 40.8, पठानकोट में 37.6, बठिंडा में 40.6, गुरदासपुर में 38.0, फरीदकोट में 42.6, फाजिल्का में 39.0, फिरोजपुर में 37.2, होशियारपुर में 36.7, रोपड़ में 37.7 और रूपनगर में 38.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
जून के आखिरी हफ्ते तक मानसून दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है, हालांकि इसमें 4 दिन आगे-पीछे होने की संभावना है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा जम्मू और उत्तर पाकिस्तान के पास एक और पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। सामान्य पैटर्न के अनुसार मानसून दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 25 से 30 जून के बीच पहुंचता है, जिसके बाद ही पंजाब और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में मानसून के प्रवेश की स्थितियां बनती हैं। हालांकि, अगले 15 दिनों तक पंजाब सहित देश के कई राज्यों में मौसम शुष्क और गर्म रहने का अनुमान है। चार दिन तापमान बढ़ेगा मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 से 5 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। 18 तारीख से राज्य के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है।
आगे तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम 18 मई – फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। 19 मई – फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। 20 मई – फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।