इंस्टाक्वीन की बहनों-पिता पर भी फ्रॉड केस चल रहा:राजस्थान के व्यक्ति को जेवर लेकर ब्लैकमेल किया; फतेहाबाद में भाई बोला- इन्हें घर से निकाल चुके

फतेहाबाद में हनीट्रैप मामले में फंसी इंस्टाक्वीन रितु सिवाच को लेकर हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। रितु से पहले उसकी दो बहनों और पिता पर भी राजस्थान में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था, और फिलहाल तीनों फरार हैं। भादरा क्षेत्र के गांव गढ़ी छानी निवासी कृष्ण कुमार का कहना है कि तीनों ने उसे बातों में फंसाकर गहने खरीदवा लिए और जब पैसे वापस मांगे तो ब्लैकमेलिंग के केस में फंसाने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों पर मामला दर्ज किया। हनुमानगढ़ जिले (राजस्थान) की भिरानी थाना पुलिस इन्हें ढूंढने फतेहाबाद के गोरखपुर गांव भी गई थी, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस को वहां रितु का भाई मिला, जिसने बताया कि उसने अपनी बहनों को बेदखल कर दिया है और उनसे उसका कोई संपर्क नहीं है। कृष्ण का यह भी कहना है कि रितु की दोस्त अजय देवी भी उनके हनीट्रैप गिरोह में सक्रिय भूमिका निभाती है, जो इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करती है और जिसके 21 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पहले जानिए कृष्ण कुमार ने शिकायत में क्या आरोप लगाए सितंबर 2025 में मुलाकात हुई कृष्ण कुमार ने बताया कि सितंबर 2025 में उनके ताऊ के बेटे की शादी गोरखपुर गांव की सुमन से हुई थी। सुमन के घर उसकी बहन नीतू और पिता रामफल का भी आना-जाना था। सितंबर 2025 में सुमन, नीतू और रामफल ने उनसे कहा कि उनकी रिश्तेदारी में कई शादियां हैं और उन्हें भात भरना है। उन्होंने बताया कि अनाज बेच दिया है, जिसके पैसे दो महीने बाद मिलेंगे, इसलिए सोने-चांदी के गहनों की जरूरत है और मदद करने को कहा। जेवर-सूट दिलवाए, फिर केस की धमकी कृष्ण ने विश्वास में आकर 10 सितंबर 2025 को भादरा स्थित एक दुकान से सोने की अंगूठी, टॉप्स, नाक की नोजपिन, 100 ग्राम का चांदी का कड़ा, एक जोड़ी पाजेब और 12 हजार रुपए के लेडीज सूट नीतू, सुमन और रामफल को दिलवा दिए। जब दो महीने बाद उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो वे टालमटोल करने लगे। बाद में नीतू और सुमन उन्हें धमकी देने लगीं कि पैसे मांगने पर ब्लैकमेल के आरोप में फंसा देंगी। पंचायत में पैसे लौटाने का फैसला हुआ कृष्ण ने बताया कि इसके बाद वे गांव के कुछ लोगों को लेकर गोरखपुर पहुंचे, जहां पंचायत हुई। पंचायत में सुमन, नीतू और रामफल ने एक महीने में सारे पैसे लौटाने की बात कही, लेकिन एक महीने बाद फिर पंचायत हुई तो नीतू ने ब्लैकमेल का मुकदमा करने की धमकी दी। बाद में गांव में पता करने पर उन्हें पता चला कि उनके परिवार में कोई शादी या भात नहीं था और उन्होंने झूठ बोलकर गहने और पैसे हड़प लिए। 1 फरवरी 2026 को थाने में शिकायत दी कृष्ण कुमार ने बताया कि इसके बाद उन्होंने 1 फरवरी 2026 को भिरानी पुलिस थाने में शिकायत दी और 10 फरवरी को हनुमानगढ़ के एसपी को शिकायत भेजी। इसके बाद भादरा कोर्ट में इस्तगासा दायर किया। कोर्ट से मिले आदेश के आधार पर पुलिस ने रामफल, सुमन और नीतू के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 308(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज किया। भिरानी थाने के प्रभारी लखवीर सिंह ने बताया कि सुमन, नीतू और रामफल पर केस दर्ज किया हुआ है। अभी तीनों फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कृष्ण कुमार बोला- पुलिसकर्मी-टीचर को भी फंसा चुके रितु के पिता और बहनों पर केस दर्ज कराने वाले कृष्ण कुमार ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि इनके गिरोह में कई लोग शामिल हैं और इन्होंने कई लोगों को ठगा है। राजस्थान में भी कई लोगों को इन्होंने अपने जाल में फंसाया है, जिसकी शिकायत राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी भेजी गई है। इन लोगों ने भादरा क्षेत्र के ही एक पुलिसकर्मी और एक टीचर को भी इसी तरह अपनी ठगी का शिकार बनाया था। पुलिसकर्मी सुरेश कुमार ने भी बताया कि उन्हें भी इन्होंने अपना शिकार बनाया था। सुमन की बेटी को आगे करके उस पर गलत काम करने का आरोप लगाकर केस दर्ज करवाने का डर दिखाया गया था और उसका मोबाइल भी रख लिया था, लेकिन वे उनके चंगुल से निकलने में कामयाब रहे। रितु ने हनीट्रैप में फंसा 3.50 लाख ठगे फतेहाबाद में एमसी कॉलोनी की रहने वाली रितु पर गांव ढाणी ठोबा के रहने वाले सतपाल नाम के व्यक्ति ने मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि पड़ोसी शंकर ने सतपाल को रितु से शादी कराने का झांसा दिया था। शंकर की पत्नी अजय देवी, रितु की दोस्त है। रितु ने सतपाल को अपनी छोटी बहन से मिलवाने के बहाने एक घर में बुलाया। आरोप है कि वहां हेड कॉन्स्टेबल राकेश और HKRN कर्मचारी सुनील ने जबरन उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और नाबालिग से रेप के आरोप में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए। इस मामले पुलिस रितु, राकेश और सुनील को गिरफ्तार कर चुकी है। अजय देवी और शंकर की तलाश जारी है। —————————————– इंस्टाक्वीन रितु से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें :- बहन-बेस्ट फ्रेंड के चक्कर में फंसी इंस्टाक्वीन:फतेहाबाद में सहेली के हसबैंड ने कुंवारा फंसाया, बोला-उसका पति बीमार, मौत के बाद शादी करा दूंगा कुंवारे को शादी का झांसा देकर हनीट्रैप में फंसाया:महिला ने घर बुलाकर VIDEO बनाई, फतेहाबाद में पुलिसकर्मियों संग गैंग बनाया; ₹2.5 लाख ठगे कुंवारों को फंसाने वाली ‘इंस्टा क्वीन’ की कहानी:अश्लील वीडियो से भरी ID, शादी का झांसा देकर हनीट्रैप में फंसाती; साथी हेड कांस्टेबल सस्पेंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *