पंजाब सरकार के मंत्री की अरेस्ट के बाद अब ईडी जांच अफसरों तक पहुंच गई है। राज्य के दो विभागों के अधिकारियों समेत पांच लोग ईडी के समक्ष पेश होंगे। इस दौरान एक अधिकारी की जालंधर तो शेष लोगों की दिल्ली ईडी में पेशी होगी। यह सारी पेशियां दो अलग-अलग मामलों में हो रही हैं। सुबह दस बजे से यह पेशी होगी। सभी को सुबह दस बजे रिकॉर्ड के साथ तलब किया गया है। वहीं, इस मामले की आज अदालत में भी सुनवाई है। संजीव अरोड़ा द्वारा अपनी अरेस्ट और रिमांड को दी गई चुनौती की याचिका पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई है, जहां ईडी जवाब दाखिल करेगी। दूसरी तरफ पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की आज गुरुग्राम अदालत में पेशी है। उन्हें दो दिन का रिमांड खत्म होने पर आज ईडी अदालत में पेश करेगी। ईडी ने सर्च के बाद भेजा है समन जानकारी के मुताबिक, ईडी जालंधर के जोनल अफसर की तरफ से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर सीए को तलब किया गया है। उन्हें आज सुबह दस बजे पेश होने के लिए कहा गया है। उन्हें समन जालंधर ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर अक्षय कुमार की तरफ से भेजा गया है। ईडी ने गमाडा से न्यू चंडीगढ़ में स्थापित रियल एस्टेट से जुड़े प्रोजेक्टों का रिकॉर्ड तलब किया है। इसमें कई नामी बिल्डर शामिल हैं, जिनके यहां 8 और 9 मई को ईडी की रेड हुई थी। वहीं, इस दौरान खरड़ की एक सोसाइटी में करीब 21 लाख रुपए की नोटों की बारिश हुई थी। इस रेड से पंजाब की राजनीति गर्मा गई थी। मंत्री के मामले में दिल्ली में पेश होंगे कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। ईडी ने अब पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर बसंत गर्ग को तलब किया है। इसके अलावा 3 अन्य लोगों को भी सोमवार को पेश होने के आदेश दिए गए हैं। इनमें पावरकॉम की डायरेक्टर (कमर्शियल) हरशरण कौर त्रेहन, दो कारोबारी साझेदार हेमंत सूद और चंद्रशेखर शामिल हैं। यह मामला मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी एक निजी कंपनी को करोड़ों रुपए की बैंक गारंटी कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से वापस कर फायदा पहुंचाने से संबंधित है।