जालंधर में स्कूल बस ड्राइवर पर राहगीरों ने रैश ड्राइविंग का आरोप लगाया। उन्होंने उसका वीडियो भी बनाया। एक बच्चे के अभिभावक ने बच्चों की जान खतरे में डालने का दावा किया। वीडियो बनाने वाले ने दावा किया कि लोगों ने तेज दौड़ाई जा रही बस को रोका। इस पर ड्राइवर ने माफी मांग जान छुड़ाई और दोबारा ऐसा न करने के लिए कहा। बस बच्चों से फुल थी। ड्राइवर ने अपना नाम नरिंदर बताया। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि स्कूल की बस ठेके पर है। ठेकेदार ने ड्राइवर और हेल्पर रखा है। अगर कहीं लापरवाही हुई है तो ड्राइवर-सहायक को बुलाकर पूछा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बस को जबरदस्ती रोका गया है। (पढ़ें पूरी खबर) पटियाला में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने का मुख्य आरोपी पकड़ा गया पटियाला के शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेअंत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गुरदासपुर जिले के धारीवाल का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुरजिंदर सिंह का संबंध शंभू ब्लास्ट के साथ-साथ सरहिंद रेलवे ट्रैक विस्फोट और मोगा स्थित सीआईए कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले से भी जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों का कहना है कि ये सभी घटनाएं विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर अंजाम दी गई थीं, जो राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे थे। DGP गौरव यादव ने बताया कि इस गिरफ्तारी और पहले हुई बरामदगियों के साथ ही मोगा, सरहिंद और शंभू से जुड़े तीनों आतंकी मामलों को सुलझा लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) AAP सरपंच ने वीडियो जारी कर मांगी मदद, बोला-1 साल से परेशान कर रहा व्यक्ति अमृतसर जिले के गांव मूदल के आम आदमी पार्टी के सरपंच ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई है। लगभग 4 मिनट 10 सेकेंड के इस वीडियो में सरपंच ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंच ने बिना नाम लिए व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए कहा पिछले करीब एक साल से उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। वह बार-बार गाली-गलौज करता है, धमकियां देता है और मानसिक रूप से दबाव बनाने की कोशिश करता है। इस संबंध में सरपंच ने स्थानीय विधायक सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ में ड्यूटी पर निकले निगमकर्मी की लाश मिली चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित जंगल क्षेत्र में नगर निगम के एक कर्मचारी का शव मिला। वह सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो मनीमाजरा क्षेत्र का निवासी था और नगर निगम में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। शव पर खासकर पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में हमलावरों ने कारोबारी पर की ताबड़तोड़ फायरिंग अमृतसर के जंडियाला गुरु में हमलावरों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वह ट्यूशन से बच्चों को लेने गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने 4 गोलियां चलाईं। इस हमले में कारोबारी को एक गोली लगी, जिससे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि नगर कौंसिल चुनाव नजदीक हैं और करोबारी रॉबिन कांग्रेस पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे थे। इसी कारण इस हमले को राजनीतिक रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में बिजली के पोल से टकराया टैंकर, दो दोस्त दबे लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में एक तेज रफ्तार कैंटर ईस्टमैन चौक के पास हाई वोल्टेज बिजली पोल से टकराया गया। इस हादसे में वहां से गुजर रहे दो दोस्त बिजली के खंभों के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की टांग बुरी तरह कुचली गई जबकि दूसरे का पैर कटकर अलग हो गया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। शिकायतकर्ता अनवर अली निवासी ग्यासपुरा ने बताया कि 27 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह अपने दोस्त अरुण कुमार को उसके घर छोड़ने पैदल जा रहा था। जब वे ईस्टमैन चौक पार कर रहे थे, तभी उत्तराखंड नंबर के एक कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर)