अमूल के बाद पंजाब में वेरका ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। मिल्कफेड (वेरका) द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, बढ़ी हुई कीमतें 14 मई (गुरुवार) की सुबह से लागू हो जाएंगी। वृद्धि दूध के सभी वेरिएंट्स (फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, टोंड और काऊ मिल्क) पर लागू होगी। पूरे पंजाब में अब ग्राहकों को दूध के लिए अतिरिक्त जेब ढीली करनी होगी। इससे पहले गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने अमूल दूध के सभी प्रमुख वेरिएंट और पैक्ड दूध की कीमतों में 2 रुपए का इजाफा किया था। खरीद कीमतों में पहले ही हो चुकी है वृद्धि बता दें कि इससे पहले पंजाब सरकार ने 1 मई को दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी की थी। मिल्कफेड ने दूध उत्पादकों (डेयरी किसानों) को राहत देते हुए दूध की खरीद कीमत में 20 रुपए प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी की थी। उत्पादन लागत और चारे के दामों में हुई वृद्धि को इस फैसले का मुख्य कारण माना जा रहा है। अमूल-मदर डेयरी के सभी वेरिएंट्स पर बढ़े दाम वेरका के साथ-साथ अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध के सभी वेरिएंट्स पर 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनियों का कहना है कि परिचालन लागत और उत्पादन खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा है।