पंजाब- 10वीं के छात्र की हथौड़े मार-मारकर हत्या:संगरूर में गली के युवकों से लड़ाई हुई थी, मृतक के भाई की भी हालत गंभीर

संगरूर के पटियाला गेट कृष्णा बस्ती में युवकों के बीच हुई कहासुनी खूनी लड़ाई में बदल गई। इसमें 15 साल के एक लड़के को युवकों ने हथौड़े से पीट-पीटकर मार डाला। वहीं, मृतक का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अंकुश के रूप में हुई है। वह 15 साल का था और 10वीं में पढ़ता था। वहीं, घायल उसका चचेरा भाई अवनीत सिंह उर्फ आदित्य है, जो 18 साल का है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार वालों ने बताया कि गली में किसी बात को लेकर 2 बच्चों में झगड़ा हुआ। इसके बाद 2 युवकों ने हमारे लड़के को हथौड़े से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पिता बोले- बाड़े में रहने वाले लोगों ने हमला किया मृतक युवक के पिता ने वारदात के बारे में कहा- उन्होंने मेरे बेटे को मार दिया। कातिल घर के सामने ही बाड़े में रहते हैं। मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता था, क्योंकि मैं सुनामी गेट पर अपनी चिकन की रेहड़ी पर काम कर रहा था। उन्होंने मेरे 15 साल के बेटे को किसी बात के लिए बुलाया और उस पर नुकीले हथियार (किरच) से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा- मेरे भतीजे को भी गर्दन के पास मारा गया है, जो पटियाला में दाखिल है। हमारी उनके साथ कोई रंजिश नहीं थी। अगर कोई छोटी-मोटी बात थी भी तो इस तरह जान से मार देना कहां का इंसाफ है? वे लोग कोई काम-धंधा नहीं करते, जबकि मेरे बच्चे काम से लौटकर नकोदर जाने की तैयारी में थे। मां बोली- बेटा घर आया और पिता को चाय देने निकला था मृतक की मां ने बदहवासी में कहा- मैं तो बोलने की हालत में भी नहीं हूं। मेरा बच्चा काम से आया, नहाया और अपने पिता को चाय देने के लिए घर से बाहर गया था। थोड़ी देर बाद फोन आया कि जेठ के लड़के को चोट लगी है। जब मैंने अपने बेटे को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। मेरा बेटा सिर्फ 15 साल का था और बहुत ही सीधा था। वह किसी से लड़ने वाला बच्चा नहीं था। मुझे नहीं पता कि बाहर किसके साथ क्या हुआ? वह तो बस चाय लेकर घर से निकला ही था। मददगार बोला- खून से लथपथ मिले, अस्पताल पहुंचाया झगड़े के चश्मदीद ने कहा कि शुरुआत में ये लड़के एक-दूसरे के साथ खड़े होकर सामान्य बातें कर रहे थे, लेकिन अचानक उनके बीच लड़ाई शुरू हो गई। मुझे फोन पर सूचना मिली कि वे वहां खून से लथपथ गिरे हुए हैं। जब मैं मौके पर पहुंचा, तो हमलावर भाग चुके थे और ये दोनों वहां गंभीर हालत में पड़े थे। मैंने तुरंत उन्हें उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मुझे यह नहीं पता कि उनके बीच अचानक झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था। डॉक्टर बोलीं- अस्पताल लाने से पहले मौत हुई संगरूर में सरकारी अस्पताल की डॉक्टर नितिका ने बताया- सोमवार रात आदित्य और अंकुश को गंभीर हालत में लाया गया। चेक किया तो अंकुश की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। उसके पैर (जांघ) पर चोट का एक निशान था। उन्होंने बताया- दूसरा मरीज आदित्य काफी गंभीर स्थिति में था। उसके शरीर पर तीन-चार चोटों के निशान थे। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया है। मृतक अंकुश की उम्र 15 वर्ष और घायल आदित्य की उम्र 18 वर्ष है। DSP बोले- आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की इस बारे में DSP संजीव सिंगला ने बताया- सूचना मिली थी कि संगरूर के पटियाला गेट कृष्णा बस्ती में कुछ बच्चों का झगड़ा हो गया है। इस हादसे में अर्शदीप सिंह की मौत हो गई। वहीं, बलविंदर सिंह का बेटा अवनीत सिंह घायल हो गया। सूचना पर SHO गुलाब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना किया। डीएसपी ने कहा- आरोपी मोहम्मद खान और उमर खान हैं, जो पटियाला गेट के रहने वाले हैं। इन्होंने ही बच्चों पर हमला किया है। SHO ने सुरिंदर सिंह के बेटे विक्रमजीत सिंह के बयान पर सख्त धाराओं में FIR रजिस्टर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *