पटना में मोबाइल छिनने का विरोध करने पर एक कपल पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित नाबालिग के हाथ में चाकू लगा है। पेट में भी खरोंचे लगी है। घटना 13 मई की शाम 5 बजे सिपारा पुल के पास की है, लेकिन इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया। आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में की गई। घटना के 11 दिन बाद पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बेउर थाना प्रभारी अफसर हुसैन ने बताया कि इस मामले में एक युवक के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही थी। मारपीट की कुछ तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला पटना के सिपारा पुल इलाके में 13 मई की शाम नाबालिग और उसकी गर्लफ्रेंड एक दुकान पर मोमोज खा रहे थे। इसी दौरान सौरभ नामक युवक आया और मोबाइल छीनने की कोशिश की। नाबालिग और उसकी गर्लफ्रेंड ने आरोपी सौरभ का विरोध किया तो सौरभ ने चाकू से नाबालिग पर हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में हाथ और पेंट में चाकू लगने से नाबालिग घायल हो गया। घायल नाबालिग को स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। नाबालिग के अनुसार, हमला करने वाला युवक जक्कनपुर का रहने वाला है। नाबालिग ने मामले को लेकर जक्कनपुर थाना में अपना बयान दर्ज कराया है। जानिए वायरल वीडियो में क्या है? वायरल वीडियो सिपारा ओवर ब्रिज के नजदीक ऑटो स्टैंड के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है, सड़क पर खुलेआम एक युवक हाथ में चाकू लेकर लड़का-लड़की पर ताबड़तोड़ वार कर रहा है। वहीं पीड़ित खुद का बचाने की कोशिश करने के साथ साथ बदमाश से चाकू छिनने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान उसकी गर्लफ्रेंड भी बदमाश को हमला करने से रोकने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद है। सभी लोग मारपीट देख रहे हैं, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। घटना के 11 बाद आरोपी गिरफ्तार बेउर थाना प्रभारी अफसर हुसैन ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच आरोपी सौरभ कुमार को रविवार को जक्कनपुर के विग्रहपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि लड़की का पूर्व में सौरभ से अफेयर था। बाद में वो घायल लड़के के संपर्क में आ गई। इसी बात से नाराज होकर वह युवती से कुछ पूछने पहुंचा था। इसी क्रम में जब युवक ने उसका विरोध किया तो पास में नारियल बेच रहे एक दुकानदार से चाकू लेकर लड़के पर हमला कर दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में मामला त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का लग रहा है।