पठानकोट सिविल अस्पताल में ऑपरेटर की बाइक चोरी, VIDEO:ऑक्सीजन प्लांट के बाहर से ले गए, बैकसाइड गेट से फरार; 15 दिन में 3 चोरियां

पठानकोट के सिविल अस्पताल में सुरक्षा के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 15 दिन में चोरी की 3 वारदातें हो चुकीं हैं। ताजा मामले में मोटर साइकिल पर आए दो युवकों ने बड़ी चालाकी से अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट के बाहर से एक बाइक चोरी कर ली और फरार हो गए। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। अस्पताल के पिछले हिस्से में स्थित ऑक्सीजन प्लांट पर कार्यरत ऑपरेटर शेरू ने बताया कि वह ड्यूटी पर तैनात था। कुछ देर के लिए वह किसी काम से ओपीडी में गया था। जब वह वापस लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। जब घटना की सूचना पुलिस को दी गई और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो पूरी वारदात सामने आई। पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद सीसीटीवी में दो युवक एक ही मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। एक युवक बाइक से उतरा और उसने आसपास रेकी की, जबकि दूसरे ने बाइक वापस मोड़ी। युवक ने बाइक का लॉक तोड़ा और उसे चुरा लिया। इसके बाद दोनों अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर बैठकर अस्पताल के बैकसाइड गेट से फरार हो गए। सिविल अस्पताल में बढ़ रहे चोरी के मामले पीड़ित शेरू ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। गौरतलब है कि सिविल अस्पताल में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। अप्रैल में ही ऑटो में आए चोरों ने नवनिर्मित क्रिटिकल केयर यूनिट के बाहर से लाखों का लोहे का सामान चोरी किया था। हाल ही में एक युवक नशा छुड़ाओ केंद्र से करीब 100 दवा की गोलियां उठाकर ले गया था। कर्मचारियों और मरीजों में असुरक्षा का माहौल अस्पताल परिसर में लगातार हो रही इन घटनाओं से कर्मचारियों और मरीजों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *