लुधियाना DMC डॉक्टर की कोठी में घुसी कार, केस दर्ज:दीवार तोड़ ड्राइंग रूम तक पहुंची, पेड़ उखड़ा; नशे की हालत में चला रहा था युवक

लुधियाना के पॉश इलाके राजगुरु नगर में रईसजादे की नशे में की गई लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया। 19 अप्रैल की सुबह जिस कार ने डॉक्टर की कोठी की दीवारें और पिलर चकनाचूर कर दिए थे, उस मामले में सराभा नगर पुलिस ने आज सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान राजगुरु नगर के बी-ब्लॉक निवासी पवनीत सिंह के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता डॉ. राजिंदर मित्तल जो DMC अस्पताल में कार्यरत हैं ने बताया कि घटना 19 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे की है। वे अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे, तभी बाहर एक जोरदार धमाका हुआ। जब तक वे बाहर निकलकर देखते, एक सफेद रंग की कोरोला एल्टिस कार (CH-01-BM-1856)उनकी कोठी की मुख्य दीवार को तोड़कर घर के अंदर घुस चुकी थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि दीवार के बाहर लगा एक भारी पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। घर का पिलर टूटा, फर्नीचर और कंप्यूटर का भारी नुकसान डॉ. मित्तल के अनुसार आरोपी पवनीत सिंह कार को बेहद लापरवाही से और नशे की हालत में चला रहा था। दीवार तोड़ने के बाद कार घर के मेन पिलर से जा टकराई। इस टक्कर की वजह से कोठी के खिड़की-दरवाजों के शीशे टूट गए और अंदर रखा कीमती फर्नीचर व कंप्यूटर सिस्टम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी कार को मौके पर ही लावारिस छोड़कर फरार हो गया। आज हुई कानूनी कार्रवाई: BNS की नई धाराओं में फंसा आरोपी हालांकि यह घटना पिछले महीने की थी, लेकिन पुलिस ने गहन जांच के बाद आज आरोपी पवनीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सराभा नगर थाने के एएसआई (ASI) जसविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 324(4) (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *