‘पब-बार जाने की शौकीन थी बहू, टोकने पर पीटती’:पानीपत में व्यक्ति बोला- छोटे कपड़े पहनती, रील्स बनाती; भाई-भाभी ने परेशान होकर जहर निगला

हरियाणा के पानीपत में बहू के पहनावे और मारपीट से तंग आकर सास-ससुर के सुसाइड केस में नई बातें सामने आई हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि स्नेहा से शादी करने के बाद बेटे आशीष के भी व्यवहार में बदलाव आ गया था। वो मां सुमन (44) और पिता राजेश (46) की बात सुनने को तैयार नहीं था। उसकी पत्नी स्नेहा गांव में छोटे कपड़े पहनकर निकलती तो दोनों को अच्छा नहीं लगता था। जब सास-ससुर टोकते तो वो झगड़ने लगती थी। इतना ही नहीं, परिवार के लोगों ने बताया कि स्नेहा पब-बार में जाने की शौकीन थी। शादी के बाद भी उसने वहां जाना नहीं छोड़ा। परिजनों ने बताया कि उसे पब में जाने से रोका-टोका जाता था, लेकिन वह नहीं मानी। बेटे को रोकने को कहते थे, तो वह सुनवाई नहीं करता था। रोक टोक के चलते बहू ने सास को टॉर्चर भी करना शुरू कर दिया था। उसकी बहन और माता-पिता भी सास-ससुर को फोन कर धमकाते थे कि उसपर कोई रोक लगाई तो अच्छा नहीं होगा। इसी से तंग होकर दोनों ने जहर निगल लिया। वहीं, जहर खाने के बाद गंभीर हालत में सास सुमन ने अस्पताल में पुलिस को बयान भी दिया था। उन्होंने कहा था कि बहू, लड़के की सास-ससुर और साली ने इतना परेशान कर दिया था कि मजबूरी में ये सब करना पड़ा। सिलसिलेवार पढ़िए, प्यार-शादी और सुसाइड तक की कहानी… इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती, वहीं से प्यार हुआ, फिर शादी परिजनों ने बताया कि राजेश और सुमन का इकलौता बेटा आशीष है। आशीष की पहचान दिल्ली की रहने वाली स्नेहा से फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों करीब दो साल तक रिलेशनशिप में रहे। इसके बाद जनवरी 2025 में उन्होंने परिवार की रजामंदी से लव-कम-अरेंज मैरिज की थी। लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही बहू और सास-ससुर में विवाद शुरू हो गया। दिल्ली का कल्चर छोड़ने को राजी नहीं थी बहू मृतक राजेश के बड़े भाई रमेश वर्मा ने कहा- बहू दिल्ली के मॉडर्न परिवार में पली-बढ़ी थी और वह शादी के बाद गांव के माहौल में ढलने को तैयार नहीं थी। वह शादी के बाद भी छोटे-छोटे कपड़े पहनकर पब-बार में जाती थी। उसके पहनावे और रील्स बनाने के शौक को लेकर अक्सर सास-ससुर टोका-टाकी करते थे, जो धीरे-धीरे बड़े क्लेश का रूप लेने लगा। “गहने नहीं दोगे तो चैन से जीने नहीं दूंगी” रमेश ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई राजेश ने अपने इकलौते बेटे आशीष की शादी जनवरी 2025 में दिल्ली (नवादा) की रहने वाली स्नेहा के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही स्नेहा ने अपने माता-पिता और बहन के कहने पर घर में क्लेश शुरू कर दिया। वह अक्सर सास-ससुर को धमकी देती थी कि यदि उसे और जेवर नहीं दिए गए, तो वह उन्हें चौन से जीने नहीं देगी। आत्महत्या से ठीक पहले भाई को किया फोन शिकायतकर्ता रमेश के अनुसार, शनिवार (9 मई) की सुबह उनके भाई राजेश का फोन आया था। राजेश ने रोते हुए फोन पर कहा- मैं अपने बेटे की बहू स्नेहा और उसके ससुराल वालों से बहुत ज्यादा परेशान हो चुका हूं, अब मैं जहर खा रहा हूं। यह कहकर राजेश ने फोन काट दिया। रमेश आनन-फानन में पानीपत से गांव नारा के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्हें खबर मिली कि राजेश और उसकी पत्नी सुमन ने सल्फास निगल लिया है। इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम जहर खाने के बाद दोनों को पहले निजी अस्पताल और फिर पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुमन (सास) को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। रविवार (10 मई) सुबह रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान राजेश ने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर में दो मौतों से पूरे गांव में भारी गुस्सा और शोक है। बहू और उसके परिवार पर केस दर्ज घटना के बारे में मतलौडा थाना प्रभारी SI राकेश कुमार ने बताया कि मृतक राजेश के भाई रमेश की शिकायत के आधार पर आरोपी स्नेहा (बहू), सतीश वर्मा (बहू का पिता), मंजू (बहू की मां) और स्वीटी (बहू की बहन) के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *