पहाड़ी देवता के पेड़ पर आसमानी बिजली गिरी:पीपल के पेड़ के नीचे खड़े दो गोवंश की मौत,कांगड़ा के नलसुहा गांव की घटना

देहरा उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत नलसुहा के वार्ड नंबर 4 में रविवार सुबह कुदरत का कहर देखने को मिला। तेज तूफान और गर्जना के बीच गिरी आसमानी बिजली ने दो बेसहारा गोवंशों की जान ले ली। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है, जब अचानक बदले मौसम ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय पहाड़ी देवता के समीप स्थित एक विशाल पीपल के पेड़ पर बिजली गिरी। उस दौरान दो बेसहारा गोवंश बारिश और तूफान से बचने के लिए उसी पेड़ के नीचे खड़े थे। बिजली की चपेट में आने से दोनों गोवंशों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। धधक उठा पेड़, ग्रामीणों ने दिखाया साहस आसमानी बिजली गिरने के तुरंत बाद पीपल के पेड़ में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देख स्थानीय ग्रामीण जयमल और अन्य निवासी तुरंत मौके पर एकत्र हुए। ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते उठाए गए इस कदम से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे कोई अन्य बड़ा नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन को दी गई सूचना ग्रामीणों ने इस घटना और गोवंश के नुकसान की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी है। ग्रामीणों का कहना है कि तूफान इतना तेज था कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे थे, लेकिन आग बुझाने के लिए गांववासियों ने जान की परवाह न करते हुए साहस का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *