पानीपत में कार की टक्कर से युवक की मौत:रोड क्रॉस करते समय हुआ हादसा, मृतक की पहचान नहीं, ड्राइवर भागा

पानीपत में नेशनल हाईवे-44 पर स्थित ड्रेन नंबर-1 के पास शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक अज्ञात युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ड्रेन नंबर-1 के पास सड़क क्रॉस करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक ऑरेंज कलर की ईको स्पोर्ट कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर ने रुकने की बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और वहां से भाग निकला। पुलिस कर रही मृतक की पहचान के प्रयास हादसे की सूचना तुरंत राहगीरों द्वारा डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। युवक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और सोशल मीडिया के जरिए सूचना प्रसारित की जा रही है। सीसीटीवी के जरिए कार की तलाश पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ऑरेंज कलर की उस ईको स्पोर्ट कार का नंबर ट्रेस किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के बाद लगा जाम वहीं, हाईवे के बीचों-बीच हुए इस हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने कुछ देर के बाद शव को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू रूप से शुरू करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *