पानीपत शहर में बीती रात देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी एक युवक को बदमाशों ने बीच रास्ते में घेरकर उस पर सुए से हमला कर लूटपाट की। बदमाश सोने की चेन व लेपटॉप लूटकर फरार हो गए। घायल युवक ने किसी तरह नर्सिंग होम के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। खाने का सामान लेकर लौट रहा था कल्याण मेडिकल स्टोर, देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी मदवन आहूजा ने पुलिस को बताया कि 14 मई की रात करीब 10 बजे वह अपनी बाइक पर प्रिंस एग रोल शॉप से खाना लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह जिंदल नर्सिंग होम के पास पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। सुए से किया हमला और लूटी चेन पीड़ित के अनुसार, बाइक रुकते ही एक युवक ने जबरदस्ती चाबी निकाल ली, जबकि दूसरे ने मदवन के गले पर झपट्टा मारकर करीब 1.5 तोले की सोने की चेन तोड़ ली। जब मदवन ने विरोध किया, तो हमलावरों ने उसकी कमर में सुए से वार किए। हमले से घबराकर वह जान बचाने के लिए भागकर जिंदल नर्सिंग होम के अंदर घुस गया। बैग और जरूरी दस्तावेज भी ले गए मदवन के अस्पताल में घुसने के बाद बदमाश उसकी बाइक के हैंडल पर लटका हुआ डेल कंपनी का लैपटॉप, बैग और उसमें रखे जरूरी कागजात लेकर अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी जांच रही घटना की सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित मदवन की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अस्पताल के बाहर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।