फर्रूखाबाद में शराबी की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए। शराब ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर 50 महिलाओं समेत 150 लोग प्रदर्शन करने लगे। जब पुलिस समझाने पहुंची, तो अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया। जिसमें 2 दरोगा के सिर फूट गए। एक सिपाही के हाथ पर सरिया से हमला। कुछ मीडिया कर्मियों को भी चोट आई है। 2 कारों को पूरी तरह तोड़ दिया। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को जान बचाकर भागना पड़ा। इसके बाद 5 थानों की पुलिस फोर्स बुलाया गया, लाठीचार्ज करके ग्रामीणों को खदेड़ा। पुलिस ने पूरे गांव में फ्लैग मार्च करके पथराव करने वाले 6 लोगों को हिरासत में लिया है। वहां करीब 2 घंटे तक हंगामा चला। घटना जिला मुख्यालय से 12 Km दूर इटावा-बरेली हाइवे से कनेक्टेड चाचूपुर लिंक रोड पर राजेपुर थाना क्षेत्र की है। शनिवार सुबह 24 साल के लड़के का शव नाले में मिला था। वह करीब 11 घंटे से लापता था। परिजनों ने आरोप लगाया- गांव में इसी देशी शराब ठेके से युवा नशे का शिकार हो रहे हैं। जिसके बाद ग्रामीणों ने ठेके के सामने लाश रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ठेके में जमकर तोड़फोड़ भी की। पहले देखिए तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर-जटपुरा का 25 साल का बृजेश राजपूत मजदूरी करता था। वह शुक्रवार रात 9 बजे शराब पीने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे उसका शव शराब ठेके से लगभग 150 मीटर दूर पुलिया के नीचे नाले में सिर के बल पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ठेका कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए ठेका हटाने की मांग शुरू कर दी। शव सड़क पर रखकर रोड जाम, ठेके में तोड़फोड़
दोपहर करीब 1 बजे प्रदर्शन उग्र हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने युवक का शव शराब ठेके के सामने रखकर सड़क जाम कर दिया। ठेके में तोड़फोड़ करने लगे। ठेका कर्मियों ने जान बचाने के लिए शटर गिरा दिया। पुलिस ने उग्र भीड़ को काबू करने की कोशिश की, तो ग्रामीणों ने करीब 1.30 बजे पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान राजेपुर थाना क्षेत्र में तैनात दरोगा नागेंद्र सिंह और दरोगा कपिल कुशवाहा के सिर पर पत्थर लग गए। दरोगा नागेंद्र सिंह के सिर में तीन टांके लगे, पैर में भी चोट आई। कपिल कुशवाहा के सिर में भी टांका लगा है। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकि राजेपुर थाने में तैनात सिपाही विष्णु कुमार के हाथ पर किसी ने सरिया मार दिया। जबकि एक अन्य सिपाही अक्षय भी घायल हुए हैं। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही
स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर अमृतपुर, कादरी गेट, फर्रुखाबाद कोतवाली और मऊ दरवाजा थाने की फोर्स सहित करीब 100 पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय, सीओ सिटी अभय वर्मा, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा और आबकारी क्षेत्राधिकारी रितू वर्मा भी पहुंचे। पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। शराब ठेके के सेल्समैन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसपी आरती सिंह ने बताया- युवक का शव मिलने के बाद ठेका हटाने की मांग को लेकर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव किया गया। दोनों घायल दरोगाओं का इलाज जारी है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शराब ठेके के सेल्समैन से शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। युवक की मौत किन कारणों से हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। —————————— ये खबर भी पढ़िए… बेटी की बारात दरवाजे पर थी, पिता-चाचा की मौत:अमेठी में द्वारपूजा के लिए फल लेने गए थे, दो बाइक टकराईं
अमेठी में बेटी की शादी से ठीक पहले पिता और चाचा की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार रात 8 बजे हादसा उस वक्त हुआ, जब बारात घर के दरवाजे पर खड़ी थी। बैंड पर बाराती दूल्हे के साथ नाच-गा रहे थे। द्वारपूजा और जयमाल की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान, पंडित जी ने द्वारपूजा के लिए पिता से फल मांगे। पिता गौतम कुमार ने अपने रिश्ते के भाई आशाराम को लेकर फल लेने निकले थे। पूरी खबर पढ़ें…