हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवी लाल की प्रतिमा पर कीचड़ फेंके जाने से पिपली स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जननायक जनता पार्टी (JJP) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा पर फेंका गया कीचड़ साफ किया और घटना पर कड़ा विरोध जताया। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे JJP के नेताओं को घटना की सूचना मिली। पार्टी के नेताओं का कहना है कि शरारती तत्वों ने देवी लाल पार्क में लगी चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर कीचड़ और गारे के लोथड़े फेंक दिए। हालांकि, उन्होंने कीचड़ को प्रतिमा से साफ कर दिया, लेकिन घटना को लेकर कल शनिवार को मीटिंग बुलाई गई है।