शिमला नगर निगम के डिप्टी कंट्रोलर रामेश्वर शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, पंथाघाटी निवासी रामेश्वर शर्मा शुक्रवार सुबह अपनी दिनचर्या के अनुसार कार्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार्यालय में एक कर्मचारी से अपनी सैलरी स्लिप भी मांगी थी। इसके बाद दोपहर में उनकी मौत की खबर सामने आई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस आज दिनांक 08-05-2026 को पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना शिमला पूर्वी को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को उपचार हेतु IGMC शिमला लाया गया है, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया। मृतक की पहचान रमेश्वर शर्मा पुत्र श्री तुलसी राम निवासी गांव सीमा, डाकघर रत्नाड़ी, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला, आयु लगभग 45 वर्ष, हाल निवासी पाइन व्यू बिल्डिंग, गुसां रोड, मेहली, शिमला के रूप में हुई है। वह नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक दिन के समय कार्यालय गए थे तथा सामान्य समय से पूर्व वापस घर लौट आए थे। उनकी पत्नी द्वारा उन्हें घर पर फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिसके उपरांत तत्काल उपचार हेतु IGMC शिमला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 194 BNSS के अंतर्गत कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने हेतु जांच जारी है।