प्राइवेट बस में आग लगी, 2 लोग जिंदा जले:भिवानी से हांसी जा रही थी बस, 11 लोग घायल; प्रत्यक्षदर्शी बोले- धमाका हुआ

हरियाणा के हांसी में सोमवार देर शाम एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। जिसमें 2 लोग जिंदा जल गए। 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस भिवानी से हांसी की तरफ जा रही थी। मिलकपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायलों को हांसी और भिवानी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दोनों मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस में पहले धमाका हुआ था। इसके बाद आग लगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना पर प्रत्यक्षदर्शी की 2 बातें… 150 मीटर दूर तक कंपन हुई मिलकपुर गांव के विजय ने बताया कि घटना शाम साढ़े 7 बजे की है। बस में पहले जोरदार धमाका हुआ। उनकी दुकान करीब 150 मीटर दूर है, जहां तक कंपन महसूस हुआ। उन्होंने आशंका जताई कि टायर फटा हो सकता है। घटना के बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे। उस समय बस के बीच हिस्से में आग लगी हुई थी। सभी सवारियों को बाहर निकालकर हांसी के अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं। जिंदा जलने वाले दिखाई नहीं दिए विजय ने आगे बताया कि जिन दो लोगों की मौत हुई, वे शुरुआत में दिखाई नहीं दिए। कुछ यात्री बाद में अपना सामान लेने के लिए बस में चढ़े थे। बाहर मौजूद लोगों ने बताया था कि अंदर कोई नहीं है, लेकिन इसी दौरान आग और भड़क गई। बाद में पता चला कि बस के अंदर दो लोगों की मौत हो चुकी थी। आग बुझने के बाद दो डेडबॉडी मिलीं हांसी में तैनात फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि उन्हें मिलकपुर गांव से सूचना मिली थी। इसके बाद वे फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे, जहां बस में आग लगी हुई थी। टीम ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। सभी सवारियों को पहले ही बाहर निकाल लिया गया था। आग बुझने के बाद बस के अंदर दो लोगों के शव मिले। ERV इंचार्ज बोले- 3 कॉल आई ERV इंचार्ज रामफल ने बताया कि उनके पास तीन कॉल आई थी। बताया कि मिलकपुर गांव के पास एक बस की छत फट गई है और उसमें आग लग गई है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायलों को हांसी के अस्पताल ले जाया जा चुका था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जिनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *