हरियाणा के अंबाला में 3 दिन पहले लापता हुई युवती की हत्या कर दी गई। हत्या उसके शादीशुदा प्रेमी ने ही की। इसके बाद शव को बोरे में भरकर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जंगलों में ले गया और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सके। मामले का खुलासा तब हुआ, जब परिजनों ने खुद सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी एक रेहड़ी चालक की मदद से भारी बैग ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने कार की लोकेशन ट्रैक कर हिमाचल पहुंची और प्रेमी को शव जलाते वक्त अरेस्ट कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आग बुझाई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी सामने आई है कि दोनों छह साल से रिलेशन में थे। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… वीडियो और रेहड़ी चालक से पूछताछ में हुआ खुलासा बेटी के लापता होने के बाद उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक वीडियो फुटेज सामने आई, जिसमें संदीप एक बोरे को रेहड़ी में डालता दिखा। परिवार ने यह वीडियो पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने जब रेहड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि संदीप बोरे को एक बार में ले गया था। संदीप की कार को ट्रैक करना शुरू किया। लोकेशन हिमाचल की ओर मिलने पर हरियाणा पुलिस ने सिरमौर हिमाचल पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी शव को पेट्रोल डालकर जला रहा था। पुलिस ने अधजली लाश बरामद कर आरोपी को मौके से ही दबोच लिया। 6 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग डीएसपी सुरेश कौशिक ने बताया कि करीब 6 वर्षों से प्रेमी संदीप का अमनदीप के साथ प्रेम प्रसंग था। शादी के दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने युवती को जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। गिरफ्तार किए संदीप को गुरुवार कोर्ट में पेश कर पांच दिन का रिमांड मांगा जाएगा ताकि वारदात में प्रयुक्त सामान और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।