फतेहाबाद में कार ने मां-बेटी को कुचला, महिला की मौत:बेटी गंभीर, ड्राइवर की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन; बोले- तभी करेंगे संस्कार

फतेहाबाद शहर के बीघड़ रोड स्थित पायनियर स्कूल के पास कार ड्राइवर ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटी सड़क पर जा गिरी। इससे 86 वर्षीय मां की मौत हो गई जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार ड्राइवर को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। जानकारी के अनुसार, गांव बनगांव निवासी (86) शांति देवी हरनाम कॉलोनी के पास बनी झुग्गियों में रहती थी। उनकी बेटी सिरसा जिले के गांव मोरीवाला निवासी कांता देवी भी उनके पास आई हुई थी। दोनों मंगलवार शाम को सड़क के किनारे सब्जी की रेहड़ी पर सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान तेज गति से कार ड्राइवर कार लेकर आया। उसने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं उछल कर सड़क पर जा गिरी। हादसे में रेहड़ी ड्राइवर की रेहड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल शांति देवी और कांता देवी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मगर शांति देवी ने दम तोड़ दिया। घायल बेटी को प्राइवेट अस्पताल में करवाया दाखिल घायल हुई बेटी कांता देवी की टांग में गंभीर चोट आई है। उसको अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मगर परिजनों ने उसे शहर के ही प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने जताई आशंका महिला के पोते पारसनाथ ने आरोप लगाया है कि यह सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते जान बूझकर टक्कर मारी गई हो सकती है। बिरादरी में ही किसी व्यक्ति के मामले में शामिल होने की आशंका जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *