बिंदी-लिपस्टिक कमेंट पर कांग्रेस छोड़ने वाली अनिता BJP में शामिल:विधानसभा चुनाव में टिकट मांग रही थीं, सांसद जेपी के बयान के बाद निर्दलीय लड़ीं

हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण के खिलाफ कलायत से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाली अनीता ढुल बड़सीकरी अब भाजपा में शामिल हो गई हैं। बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय ‘पंचकमल’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में अनीता ढुल और उनके पति राजेश अंबरसर ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अनीता ढुल पहले कांग्रेस में थीं। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने टिकट की मांग की थी, लेकिन पार्टी ने जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण को उम्मीदवार बना दिया। इसके बाद जयप्रकाश का एक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने चुनावी सभा के दौरान कहा कि “बिंदी-लिपस्टिक लगाकर कोई लीडर नहीं बन जाता।” इस बयान को अनीता ढुल से जोड़कर देखा गया। जयप्रकाश के इस बयान के बाद ढुल खाप ने नाराजगी जताते हुए विकास सहारण के बहिष्कार का ऐलान किया। इसके बाद अनीता ढुल ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, जिसमें वह तीसरे स्थान पर रहीं। सांसद जेपी बोले- नो कमेंट अनिता ढुल बड़सीकरी के भाजपा जॉइनिंग पर सांसद जेपी से बात की गई ताे उन्होंने कहा- मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहता। जो जहां जाना चाहे, वहां जा सकता है। ये सबका अपना खुद का निर्णय होता है। 18 साल पहले कांग्रेस से जुड़ीं, महासचिव रहीं अनिता ढुल ने करीब 18 साल पहले कांग्रेस से जुड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। कांग्रेस में वह महिला प्रदेश महासचिव के पद पर थीं। अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में वह कलायत से टिकट की मांग कर रही थी, लेकिन कांग्रेस ने यहां सांसद जयप्रकाश के बेटे विकास सहारण को टिकट दे दिया। विधानसभा चुनाव में तीसरे स्थान पर रहीं चुनाव में जयप्रकाश के एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह मंच से एक महिला नेता के बारे में कहते हैं कि पाउडर और लिपस्टिक लगाकर वोट मिलते हो तो मैं भी लगा लूं। इस बयान को अनीता ढुल से जोड़कर देखा गया। जयप्रकाश के इस बयान के बाद ढुल खाप ने पंचायत की और जयप्रकाश का बहिष्कार करने की बात कही गई। साथ ही ढुल खाप ने अनीता ढुल को निर्दलीय चुनाव लड़ने को कहा। उन्हें चुनाव में 25 हजार वोट मिले। वह तीसरे स्थान पर रहीं। इस चुनाव में विकास ने जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *