फरीदकोट जिले में शुकराना यात्रा के तहत पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का जहां एक ओर इलाके के लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया, वहीं दूसरी ओर उन्हें किसानों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। पिछले 40 दिनों से कृषि विकास बैंक के बाहर धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का घेराव करने के लिए रोष मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद किसानों ने सड़क जाम कर धरना दिया और पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप लगाए। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि वह शांतिपूर्ण ढंग से मुख्यमंत्री से सवाल पूछना चाहते थे। बठिंडा रोड पर पहुंचा CM का काफिला वहीं फरीदकोट में विधायक गुरदित्त सिंह सेखों के नेतृत्व में शुकराना समागम के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला कोटकपूरा के बठिंडा रोड पर पहुंचा, जहां पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की अगुवाई में इलाके के लोगों ने उनका स्वागत और सम्मान किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने बेअदबी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए राज्य में सख्त कानून लागू किया है और अब बेअदबी करने वाले आरोपियों को उम्रकैद तक की सजा भुगतनी पड़ेगी। CM मान ने विपक्ष पर साधा निशाना मुख्यमंत्री ने विरोधी राजनीतिक दलों, खासकर शिरोमणि अकाली दल, पर तीखे हमले करते हुए आरोप लगाया कि इस पार्टी ने पंथ के नाम पर राजनीति कर पंजाब के लोगों को गुमराह किया और कभी भी पंजाब तथा पंजाबी हितों के लिए ईमानदारी से काम नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अकाली दल द्वारा गुरु की गोलक की राशि का इस्तेमाल राजनीतिक कार्यों के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने चुनावों से पहले किए गए सभी वादे और गारंटियां पूरी की हैं तथा अब पंजाब “रंगला पंजाब” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से राज्य के विकास के लिए मिल-जुलकर आम आदमी पार्टी का सहयोग करने की अपील की।