फाजिल्का में तीन युवक जिंदा हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार:कोर्ट ने तीनों को रिमांड पर भेजा, इस्तेमाल और सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

फाजिल्का में सीआईए स्टाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी जलालाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे आगे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी देते हुए सीआईए स्टाफ फाजिल्का के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनील कुमार और जांच अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक किसी अज्ञात व्यक्ति से हैंड ग्रेनेड मंगवाकर अपने साथियों के संपर्क का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखवीर सिंह उर्फ मंगा निवासी लक्खेवाली, गुरपिंदर सिंह उर्फ मन्ना निवासी चक्क पक्खी और शेखविंद्र सिंह उर्फ लबी निवासी लक्खेवाली के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने यह हैंड ग्रेनेड कहां से हासिल किया और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *