फिरोजाबाद की 150 साल पुरानी सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से 60 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आने से मार्केट के सामने स्थित एक गारमेंट की दुकान सहित 7 अन्य दुकानें भी धू-धू कर जल गईं। देर रात जब लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं। सूचना मिलने पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शनिवार को हुई यह घटना शिकोहाबाद के कटरा बाजार की है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। राजस्व और फायर विभाग की टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं। तस्वीरें देखिए… जानिए पूरा मामला… शिकोहाबाद के कटरा बाजार में 150 साल पुरानी सब्जी मंडी है। मंडी में 60 दुकानें हैं। यह शहर में फल-सब्जियों की सबसे बड़ी मंडी है। रोजाना यहां लाखों का व्यापार होता है। शनिवार देर रात करीब 2 बजे किन्हीं वजहों से एक दुकान में आग लगी। कुछ ही देर में आग पूरे मार्केट में फैल गई। स्थानीय लोगों को जानकारी होती, इसके पहले आग की लपटों ने पूरे मार्केट को अपने लपेटें में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि लपटें आसमान में 10-10 फीट ऊंची उठ रही थी। कई किलोमीटर दूर से ही आग की लपटें और धुएं का गुबार देखा जा सकता था। सब्जी मंडी की आग फैलते हुए पास के एक दूसरे मार्केट में तक पहुंच गई। वहां सात दुकानों में आग फैल गई। देखते ही देखते वहां गारमेंट की दुकान सहित अन्य 6 दुकानें भी जलकर खाक हो गईं। मार्केट में आग की जानकारी होने पर दुकानदार व आसपास के लोग पहुंचे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शिकोहाबाद फायर ब्रिगेड के लोग पहुंचे। लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए आसपास क्षेत्रों की भी फायर ब्रिगेड गाड़ियां बुला ली गईं। इसके बाद 6 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सामान के साथ लाखों रुपए नकदी भी जले मंडी में दुकान करने वाले मोहम्मद साइल ने बताया- मंडी में सब्जियों का भारी स्टॉक रहता है। कोई ऐसा दुकान नहीं होगा जिसके गल्ले में 20 हजार से 50 हजार रुपए न पड़ा हो। सबकुछ आग में जलकर खाक हो गया। सालों की मेहनत की कमाई हम लोगों की पलभर में खत्म हो गई। दुकानदार मुन्नालाल ने बताया- मार्केट में सब्जी-फल की करीब 60 दुकानें हैं। 7 दुकानें कपड़े की भी सटे एक दूसरे मार्केट में है। दोनों मार्केट जलकर खाक हो गए। कराड़ों का नुकसान हम व्यापारियों का हुआ है। मंडी में रहने वाले कुत्ते का भी पता नहीं चल रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पाण्डेय ने बताया- आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। मंडी में अधिकतर सब्जी और कपड़ें की दुकानें हैं। यह संख्या करीब 50-60 के आसपास है। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आ सका है। हालांकि, ऐसा लग रहा कि शार्ट सर्किट की वजह से ऐसा हुआ है। ———————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- कानपुर में कारोबारी ने जुड़वा बेटियों की हत्या की:घर में गला रेता, लाश देखकर पत्नी ने पुलिस बुलाई, आरोपी पिता गिरफ्तार कानपुर में रविवार तड़के दवा कारोबारी ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। लाश देखकर पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। वजह जानने के लिए परिवार से पूछताछ कर रही है। घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर की है। पढ़ें पूरी खबर…