बगहा में बारिश, बिहार के 33 जिलों में अलर्ट:पटना समेत कई शहरों में छाए बादल; 2 मई तक बारिश की संभावना, 3 मई से बदलेगा मौसम

बिहार में आज भी मौसम बदला रहेगा। कई जिलों में तेज बारिश और आंधी चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 2 मई तक आंधी-बारिश की संभावना है। बिजली भी गिरने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शुक्रवार को प्रदेश के 33 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 KM/H की रफ्तार से हवा चल सकती है। प्री-मानसून गतिविधियों के एक्टिव होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। बीते 24 घंटे में मौसम का हाल गुरुवार को नवादा, लखीसराय, जमुई और शेखपुरा में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं, पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। बुधवार को आंधी-बारिश से 11 लोगों की मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा पटना और बेतिया में 2-2 लोगों की मौत हुई है। सीतामढ़ी में बहन की शादी से पहले पेड़ गिरने से भाई की मौत हो गई। सारण के सिसवा में हवा में उड़कर आए टीन शेड से कटकर एक महिला की जान गई। सारण में ही आंधी के बीच डायल 112 की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मशरक मैं दीवार गिरने से दो महिलाएं दब गई। वहीं जहानाबाद में छज्जा गिरने से 4 लोग घायल हो गए। जबकि भोजपुर में महुली पीपा पुल तीन हिस्सों में बंट गया। देखें मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें… तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत राज्य में बीते कुछ दिनों से कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा था, लेकिन मौसम में बदलाव के कारण अब अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। हालांकि इसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। 2 मई को सीमांचल (कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज) में बारिश होगी। 5 से 6 मई के बीच मौसम अपेक्षाकृत सामान्य होने की उम्मीद है। कैमूर रहा सबसे गर्म, लेकिन तापमान 35 डिग्री से नीचे राजधानी पटना में बारिश नहीं हुई। लेकिन 89 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। इससे पटना का तापमान 5-6 डिग्री तक गिर गया। यहां अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री दर्ज हुआ। राज्य में सबसे गर्म भभुआ (33.3 डिग्री) रहा। इसके अलावा गया में 33.2 और नालंदा के राजगीर में 33.0 तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबकि मधुबनी सबसे ठंडा (17.8 डिग्री) रहा। राजगीर में सबसे ज्यादा 17.5 मिमी और सुपौल में 37 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पटना में दिनभर मौसम सामान्य रहेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। शाम और रात में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 3 मई तक ऐसा मौसम क्यों रहेगा मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में इस समय प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवा और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य के वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है। इसी वजह से आंधी-बारिश जैसी गतिविधियां बनी हुई है। यही कारण है कि 3 मई तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला रहेगा। बिहार के मौसम के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *