बठिंडा में AAP के सोशल मीडिया इंचार्ज पर केस दर्ज:विधवा कर्मचारी को आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप, कई महीने बाद हुई कार्रवाई

बठिंडा पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज भुल्लर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर बठिंडा सिविल अस्पताल में कार्यरत एक विधवा को परेशान करने और आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप है। यह कार्रवाई सामाजिक संगठनों के कई महीनों के दबाव के बाद की गई है। पुलिस को कई महीने पहले शिकायत मिली थी कि बठिंडा ग्रामीण विधानसभा सीट के आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज भुल्लर ने विधवा को फोन किया और आपत्तिजनक संदेश भेजे। हालांकि, कथित आरोपी के राजनीतिक जुड़ाव के कारण पुलिस ने शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं की थी। सामाजिक संगठनों ने इस मामले में उच्च अधिकारियों के साथ मिलकर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके बाद बठिंडा पुलिस ने हरतेज सिंह भुल्लर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। कर्मचारियों को डराने-धमकाने का आरोप एक किसान नेता ने आरोप लगाया कि, हरतेज भुल्लर आम आदमी पार्टी का नेता होने का दावा करते हुए और फेसबुक पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करके कर्मचारियों को डराते-धमाकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से आरोपी ने इस महिला को भी परेशान किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच के बाद हरतेज सिंह भुल्लर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि आरोपी किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है, जिसकी जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मिली। मामले की आगे की जांच जारी है। किसान नेता ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साजिश के तहत कराया गया केस दर्ज : भुल्लर दूसरी ओर, जब इस मामले को लेकर हरतेज सिंह भुल्लर से फ़ोन पर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रहे हैं, जिसके चलते उनके विरुद्ध साजिश के तहत यह केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *