बरनाला में सरपंच पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ा:विधायक पर कामों में हस्तक्षेप का लगाया आरोप, प्रशासन समझाने में जुटा

बरनाला के गांव कलालमाजरा में सरपंच जगजीवन सिंह अपने तीन पंचायत सदस्यों हरजिंदर सिंह, भरपूर सिंह और गुरचरण सिंह के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं। उनके पास पेट्रोल भी है। घटना की सूचना मिलते ही महल कलां का सिविल और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और उन्हें नीचे उतारने का प्रयास कर रहा है। सरपंच जगजीवन सिंह ने आरोप लगाया है कि महल कलां विधानसभा क्षेत्र के विधायक उनकी पंचायत के कार्यों में अवैध रूप से हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक ने पहले गांव में प्रशासक नियुक्त किया था, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई और उस पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि, अब गांव में फिर से प्रशासक नियुक्त कर दिया गया है। सरपंच ने लगाए विधायक पर काम में बाधा डालने का आरोप सरपंच का कहना है कि वे पूरे गांव की सहमति से काम कर रहे हैं और उनकी पंचायत से किसी को कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक प्रशासक के माध्यम से गांव के कार्यों पर नियंत्रण रखना चाहते हैं। सरपंच ने स्पष्ट किया है कि जब तक गांव से प्रशासक को नहीं हटाया जाता, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। सरपंच ने यह भी दावा किया कि गांव के कुछ पंचायत सदस्यों ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। वे इसे रोकना चाहते हैं, लेकिन इस प्रयास में भी उन्हें हस्तक्षेप का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना से गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। सिविल और पुलिस अधिकारी सरपंच और पंचायत सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *