बिहार में तेज गर्मी के बीच सुपौल, अररिया और किशनगंज में आज यानी शनिवार को बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की बारिश के साथ आंधी भी चल सकती है। बाकी जिलों का मौसम गर्म रहेगा। मौसम विभाग की माने तो अप्रैल मिड में ही कई जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। लोगों को तेज धूप और गर्म हवा (हीट वेव) का सामना करना पड़ सकता है। बीते 24 घंटे में कैमूर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डेहरी, औरंगाबाद और गया जैसे जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है, पछुआ हवा के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है। लोगों से सतर्क रहने की अपील बिहार के अधिकांश जिलों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह से ही तेज धूप निकलने के आसार हैं। दोपहर में गर्मी काफी बढ़ सकती है। दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में लू जैसे हालात बनने की आशंका है। पटना, गया, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, बक्सर और नवादा जैसे जिलों में दोपहर में तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान गर्म हवा चलने की संभावना है, जिससे बाहर निकलने पर परेशानी बढ़ सकती है। 21 अप्रैल के बाद से कुछ जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की आशंका है। इस दौरान लोगों को झुलसाने जैसी गर्मी और बेहद गर्म हवा का सामना करना पड़ सकता है। 24 घंटे में कैसा रहा मौसम बीते 24 घंटे में बिहार के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहा। तेज धूप से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य का सबसे अधिक तापमान कैमूर में 41.9 डिग्री दर्ज किया गया। डेहरी में 41.0, औरंगाबाद में 40.8 और गया में 40.4 डिग्री तापमान रहा। गर्मी बढ़ने की यह है वजह मौसम में अचानक बढ़ी गर्मी की सबसे बड़ी वजह पछुआ हवा का प्रभाव है। पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण वातावरण में नमी कम हो गई है। इसके साथ ही आसमान साफ रहने से सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल बारिश या बादल की कोई बड़ी संभावना नहीं है, इसलिए अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म हवाओं का असर बिहार पर साफ दिखाई दे रहा है। देखें मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें… जानिए अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम