नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस को कोई अपराधी चैलेंज करता है तो 48 घंटे में जवाब दें। बंगाल के सीएम सुवेंदु के PA हत्याकांड में STF ने बक्सर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। नवादा में थाने के बाहर चौकीदार की हत्या कर दी गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 10 खबरें… 1. बंगाल CM सुवेंदु के PA हत्याकांड का बिहार कनेक्शन पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) हत्याकांड की जांच अब बिहार तक पहुंच गई है। मामले में बंगाल STF ने बक्सर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी को अयोध्या से पकड़ा गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नॉर्थ 24 परगना के बारासात कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 13 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के सिलसिले में बंगाल STF की टीम ने रविवार रात बक्सर के तीन थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। पूरी खबर पढ़ें 2. CM बोले- चैलेंज करने वाले अपराधियों को 48 घंटे में जवाब दें CM सम्राट ने सोमवार को मंदिरी नाले पर बनी सड़क का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस को कोई चैलेंज करता है तो 48 घंटे में जवाब देंगे। कोई अपराधी बच नहीं सकता। हमें सुशासन चाहिए। इंडस्ट्री को लाना है तो सुशासन जरूरी है। कौन अपराधी है, किस जाति का है हमें फर्क नहीं पड़ता। हमें हर कीमत पर सुशासन चाहिए। नीतीश जी और मोदी जी के आशीर्वाद से देश के साथ बिहार भी आर्थिक रूप से मजबूत होगा। पूरी खबर पढ़ें 3. लव-मैरिज करने पर जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार मुजफ्फरपुर में एक परिवार ने अपनी जिंदा बेटी को मृत मानकर उसका अंतिम संस्कार किया। इसके लिए युवती का पुतला बनाया गया, अर्थी सजाई गई। चार लोगों ने कंधा देकर अर्थी को श्मशान घाट पहुंचाया, जहां पूरे हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। मामला जिले के मड़वन प्रखंड के जियन खुर्द गांव का है। दरअसल, गांव की युवती ने लव मैरिज की है। जिसके बाद पंचायत ने परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 4. थाने के बाहर चौकीदार का मर्डर, चाकू से पेट गोद डाला नवादा में पुलिस थाने के बाहर चौकीदार का मर्डर कर दिया गया है। मृतक की पहचान जितेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। रविवार की रात बदमाश ने जितेन्द्र के पेट में कई बार चाकू से वार किया। गंभीर हालत में जितेन्द्र को पीएमसीएच लाया गया, लेकिन इलाज क दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम धमौल थाना के बाहर दिया गया। मृतक की पत्नी रेणु देवी ने आरोप लगाया कि इस घटना में आनंदी यादव के बेटे रामपत यादव (22) और कुछ अन्य अज्ञात अपराधी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें 5. ट्रेन से फिसली महिला, RPF कॉन्स्टेबल ने बचाई जान कटिहार रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक महिला यात्री का पैर फिसल गया था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कॉन्स्टेबल अमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें 6. गोपालगंज में कपल को पकड़ा, शादी करवाई गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक प्रेमी जोड़े को नहर किनारे पकड़ने के बाद पहले उनकी पिटाई की, फिर घंटों चले हंगामे और पंचायत के बाद बीच सड़क पर ही दोनों की शादी करा दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना बनकटा जगधारी गांव स्थित नहर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महरादेउर गांव का एक युवक और बनकटा जागीरदारी गांव की युवती चोरी-छिपे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और जबरन शादी करवा दी। पूरी खबर पढ़ें 7. एग्जाम देने आए स्टूडेंट का कॉलेज में मर्डर मोतिहारी में सोमवार को दिनदहाड़े एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रितेश यादव (25) के रूप में हुई है, जो कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव का रहने वाला था। रितेश एक यूट्यूबर भी था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को वह कोटवा कॉलेज में BA पार्ट-3 की परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा खत्म होने के बाद सरोज नामक युवक ने कॉलेज परिसर में ही रितेश की गर्दन, पीठ और जांघ पर चाकू से कई वार किए। पूरी खबर पढ़ें 8. मरीन ड्राइव से गंगा नदी में लुढ़की कार, गाड़ी धोते समय हादसा पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित पाटीपुल घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घाट पर धोने के लिए खड़ी की गई एक कार अचानक लुढ़ककर गंगा नदी में समा गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक सुबह-सुबह अपनी स्कॉर्पियो लेकर घाट पर पहुंचा था। वह घाट पर गाड़ी खड़ी करके साफ करने के लिए पानी डाल रहा था। इसी दौरान फिसलन की वजह से वाहन धीरे-धीरे घाट की ओर खिसकने लगा। पूरी खबर पढ़ें 9. SBI सैलून वायरल, पैसे निकालने पहुंचे लोग कन्फ्यूज दानापुर में एक अनोखा नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक पूर्व एटीएम परिसर में अब नाई की दुकान संचालित हो रही है, जहां लोग पैसे निकालने की बजाय बाल और दाढ़ी बनवाने पहुंच रहे हैं। बाहर अभी भी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) एटीएम का बोर्ड लगा हुआ है। जानकारी के अनुसार, यह स्थान पहले एसबीआई के एटीएम के रूप में कार्य करता था। किसी कारणवश एटीएम मशीन हटा दी गई, लेकिन उसका पूरा बाहरी ढांचा और बोर्ड वहीं छोड़ दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 10. बिहार के सभी जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी मंगलवार को बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में ऑरेंज और 19 में यलो अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो एक सप्ताह बाद मौसम सामान्य होगा।