यूपी में चलती ट्रेन और अस्पताल में हत्याएं करने वाला साइको किलर निकला है। उसकी उम्र करीब 45 साल है। 6 साल पहले आर्मी से रिटायर्ड हुआ है। आरोपी ने 26 घंटे में 3 हत्याएं कीं। तीनों को उनकी कनपटी पर गोली मारी, ताकि बचने का कोई मौका न मिले। पहली हत्या- चंदौली में रविवार सुबह करीब 7 बजे पैसेंजर ट्रेन में युवक को गोली मार दी। दूसरी- वाराणसी में रविवार रात 2 बजे जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में। तीसरी- चंदौली में सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे। प्राइवेट अस्पताल में घुसकर बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। वारदात की तीनों जगहों के बीच की दूरी करीब 20 से 25 किमी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी का नाम गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र है। वह 2020 में आर्मी से रिटायर्ड है। अमृतसर का रहने वाला है। तीनों हत्याएं उसने ही की हैं। जांच में सामने आया कि वह साइको किलर है। अस्पताल में महिला का मर्डर करने के बाद जब वह भाग रहा था तो उसके पास से दो पिस्टल बरामद हुई हैं। एक उसके नाम पर रजिस्टर्ड है, जबकि दूसरी अवैध है। अस्पताल में वारदात से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए अब सिलसिलेवार तीनों वारदात जानिए… 1- अस्पताल में घुसकर महिला गोली मारी जगह- चंदौली का जीवक अस्पताल, समय- सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे…। चंदौली जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर अलीनगर थाना क्षेत्र में जीवक अस्पताल है। बिहार के भभुआ जिले के चैनपुर थाना के बहोवना गांव की रहने वाली लक्ष्मीना देवी (55) का पैर टूट गया था। उन्हें पिछले माह 5 अप्रैल को जीवक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक रिश्तेदार भी उसके साथ था। हमलावर वीरेंद्र सोमवार सुबह मुंह बांधकर इलाज कराने के बहाने अस्पताल में घुसा। वह बेड पर लेटी महिला के पास गया। सीधे कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। हत्या से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए भागने लगा। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उससे पिस्टल छीन ली। इसके बाद भीड़ ने आरोपी की पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। ऑटो ड्राइवर बोला- फायरिंग करते हुए हमलावर भागा
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने भी अस्पताल पहुंचकर जांच की। ऑटो चालक विनोद दुबे ने बताया कि महिला की हत्या के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग रहा था। उस समय वह अस्पताल के बाहर एक मरीज को उतार रहा था। भीड़ के चिल्लाने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने उन पर असलहा तान दिया, लेकिन उन्होंने उसके हाथ मरोड़ दिए। असलहा जमीन पर गिर गया। इसके बाद उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। तभी भीड़ इकट्ठा हो गई और लोगों ने उसे घेर लिया। उसके दोनों हाथ गमछे से बांध दिए गए। कुछ लोगों ने आरोपी को ईंट-पत्थरों से भी मारा। इससे वह घायल हो गया। हालांकि, समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। स्टाफ ने बेड के नीचे छिपकर बचाई जान
जीवक अस्पताल स्थानीय डॉक्टर सुनील कुमार गौतम का है। सुनील ने बताया- हमलावर इलाज कराने के बहाने अस्पताल में घुसा था। स्टाफ नर्स को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं, तो उसने उसे वार्ड बॉय के पास भेज दिया। इसी बीच, आरोपी भर्ती मरीजों के वार्ड में घुस गया और वहां महिला पर गोली चला दी। आरोपी ने स्टाफ पर भी गोली चलाने की कोशिश की। लोगों ने बेड के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। मुंह बांधकर वार्ड में घुसा था व्यक्ति
मृतका की रिश्तेदार सुनीता देवी ने बताया कि घटना के समय वह जीवक अस्पताल में मौजूद थीं। उसी दौरान एक व्यक्ति मुंह बांधकर वार्ड में घुस आया और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। उन्होंने बताया कि शुरू में लोगों को लगा कि वह पागल है, इसलिए सभी उससे दूरी बना लिए। इसके बाद वह लक्ष्मीना देवी के पास पहुंचा और असलहे से उनके सिर में गोली मार दी। घटना को देखकर सभी लोग दंग रह गए। इसके बाद आरोपी वार्ड से बाहर भाग गया। उसकी हरकतों से अस्पताल में मौजूद लोग काफी डर और दहशत में आ गए थे। 2- ट्रेन में बाथरूम से निकलते ही मारी गोली जगह- वाराणसी, रविवार, समय- रात 2 बजे…। बिहार के गया जिले में पिपरिया गांव के रहने वाले दिनेश साहू (42) कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस से सीतापुर के नैमिषारण्य धाम जा रहे थे। वह पत्नी के साथ कोच S-2 में सवार थे, जबकि उनकी बहन, उनके दो बच्चे और सास जनरल कंपार्टमेंट में यात्रा कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 2 बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन से पहले ब्लॉक हट-बी के पास ट्रेन पहुंची थी। उस समय दिनेश बाथरूम गए थे। जैसे ही वह बाहर निकले, आरोपी वीरेंद्र ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर यात्री मौके पर पहुंचे। पत्नी भी दौड़कर पहुंची और देखा कि दिनेश का शव खून से लथपथ पड़ा था। ब्लॉक हट-बी के चलते ट्रेन की स्पीड धीमी थी, मौका पाकर वीरेंद्र ट्रेन से उतर गया। यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। रात 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को नीचे उतारा गया।
यात्री के पास 15 हजार रुपए मिले, पत्नी के जेवर सुरक्षित
पुलिस ने बताया, दिनेश साहू के पास करीब 15 हजार रुपए नकद मिले। उनकी पत्नी के जेवर सुरक्षित हैं। घटना के बाद रेलवे पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ आगे गई, ताकि यात्रियों से पूछताछ कर हमलावर के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं दूसरी टीम दिनेश के गांव भेजी गई है, जहां परिजनों से पूछताछ की जाएगी। 3. पैसेंजर ट्रेन में मारी गोली, रफ्तार कम होते ही भागा जगह- चंदौली, रविवार, समय सुबह 7 बजे…। गाजीपुर के जमानिया थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला का रहने वाला मंगरू (34) 15 दिन पहले काम की तलाश में कर्नाटक गया था। वहां पर मछली पकड़ने का काम करने लगा। काम पसंद नहीं आया। इसके बाद मंगरू वापस अपने घर लौट रहा था। वह कर्नाटक से सुपरफास्ट ट्रेन पकड़कर प्रयागराज (डीडीयू) जंक्शन पहुंचा था। यहां से घर जाने के लिए डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर में सवार हुआ था। ट्रेन सुबह 6:30 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई थी। यात्रियों ने बताया- ट्रेन चंदौली में कचमन स्टेशन से पहले अलीनगर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास पहुंची थी। तभी एक व्यक्ति ने मंगरू के माथे पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। मंगरू घायल होकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इसके बाद ताजपुर गांव के पास ट्रेन धीमी होने पर कूदकर फरार हो गया। आरोपी ने अस्पताल में वीरेंद्र नाम से पर्चा बनवाया
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया, आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र सोमवार सुबह जीवक अस्पताल पहुंचा था, जहां उसने वीरेंद्र नाम से पर्चा बनवाया था। पर्चे पर डॉक्टर ने चार दवाइयां और एक सिरप लिखा था। इसके बाद वह सीढ़ियों से चढ़कर महिला वार्ड में गया और वहां एक महिला के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आरोपी बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी करता था। वह पूर्व सैनिक है। इसलिए आर्मी और केंद्रीय एजेंसियां भी उसके बैकग्राउंड की जांच कर रही हैं। सीओ बोले- तीनों हत्याएं गुरप्रीत ने की
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया- पूछताछ के दौरान आरोपी गुरप्रीत सिंह ने चंदौली में हुई तीनों हत्याओं को अंजाम देने की बात कबूल ली है। दो हत्याएं ट्रेन में और एक महिला को अस्पताल में गोली मारी है। आरोपी को अलीनगर थाने की पुलिस की कस्टडी में रखा गया है। —————————— ये खबर भी पढ़ेंः – काशी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की हत्या:बाथरूम से निकलते ही सिर में गोली मारी; ट्रेन में हत्या की दो दिन में दूसरी वारदात वाराणसी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन के एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार रात 2 बजे बाथरूम से निकलते ही बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। इसी बीच ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई और हमलावर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…