बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें:असिस्टेंट रजिस्ट्रार 2.50 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, अफसर के बेटे को बांधकर पीटा, डीजे पर डांस के दौरान कट्टा लहराया

नमस्कार आज की सबसे बड़ी खबर भागलपुर से है। सुलतानगंज नगर परिषद के एग्जिक्यूटिव अफसर कृष्ण भूषण कुमार की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया। DM आनंद शर्मा को देखकर उनकी पत्नी रो पड़ी। वहीं इस मर्डर के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने अपराधी को ढेर कर दिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. DM को देखकर रो पड़ी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की पत्नी भागलपुर की सुलतानगंज नगर परिषद के एग्जिक्यूटिव अफसर कृष्ण भूषण कुमार की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया। DM आनंद शर्मा को देखकर उनकी पत्नी रो पड़ी। गोद में 2 साल का बेटा था। DM भी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, जो हो गया उसे हम सुधार नहीं सकते हैं, लेकिन अब ये नहीं होगा। CM खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 2. अफसर की हत्या करने वाला रामधनी एनकाउंटर में ढेर बिहार में योगी स्टाइल में भागलपुर हत्याकांड के आरोपी का एनकाउंटर हुआ है। मर्डर के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने अपराधी को ढेर कर दिया है। शाम 7 बजे नमानी गंगे घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। भागलपुर में मंगलवार दोपहर 3 बजे सुल्तानगंज नगर परिषद ऑफिस में सरकारी अफसर की हत्या हुई थी। बदमाशों ने चेयरमैन को भी गोली मारी थी। पूरी खबर पढ़ें 3. आज से 3 मई तक बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट पटना सहित पूरे बिहार में बुधवार से प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय होंगी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-पानी के साथ ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन मई तक आंधी-पानी की वजह से लू से राहत रहेगी। पूरी खबर पढ़ें 4. पटना में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के घर से सोना, चांदी और कार जब्त पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के असिस्टेंट रजिस्ट्रार सनाउल खान के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी खबर पढ़ें 5. मांझी के ‘मार दिया तो मार दिया’ बयान पर भड़के तेजस्वी ‘मार दिया तो मार दिया, कौन सी बड़ी बात है…’ यह बयान किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का है। दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की हत्या हुई। परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है, लेकिन इस दर्दनाक घटना पर केंद्रीय मंत्री के इस बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी। पूरी खबर पढ़ें 6. दरवाजे पर बारात, दुल्हन के पिता को स्कॉर्पियो ने रौंदा नालंदा में मंगलवार रात बेटी की शादी के दिन ही पिता की मौत हो गई। बारात घर पर आई हुई थी। समधी मिलान के लिए दुल्हन के पिता घर से बाहर निकले थे। सभी घर वाले भी बाहर ही थे। लड़की के पिता आरजू पासवान (45) बारातियों के स्वागत में लगे थे। रोड क्रॉस करते वक्त एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई ओर उन्हें रौंद दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. पूर्व मंत्री ने तेजस्वी यादव को जंगलराज का युवराज बताया गयाजी में स्वास्थ्य सेवा के मंच पर पूर्व मंत्री संतोष सुमन पहुंचे। शहर के डीएम कोठी के पास आज एक निजी अस्पताल का उद्घाटन कार्यक्रम हुआ। इसमें हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के निवर्तमान मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने अस्पताल का शुभारंभ किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने तेजस्वी यादव को सीधे तौर पर “जंगलराज का युवराज” करार दिया। पूरी खबर पढ़ें 8. PM आवास योजना में घूसखोरी, 50 हजार लेते EO गिरफ्तार जमुई के सिकंदरा नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना में घूसखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। निगरानी विभाग की टीम ने कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार और स्वच्छता प्रहरी सोनू चौधरी को 50,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से पूरी राशि बरामद कर ली गई है। पूरी खबर पढ़ें 9. बिहार में 6 मई को कैबिनेट विस्तार हो सकता बंगाल चुनाव की वोटिंग खत्म होते ही बिहार में सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार की कवायद तेज हो गई है। नए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं का 6 मई को शपथ ग्रहण हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, BJP के 13 और JDU के 12 मंत्री शपथ लेंगे। इसके अलावा LJP(R) के दो, HAM और RLM के एक-एक मंत्री शपथ लेंगे। पूरी खबर पढ़ें 10. ‘सम्राट चौधरी जनता को बसाएं, उजाड़े नहीं’ ‘15 साल से इस घर में हम रह रहे हैं। टैक्नोस भी दे रहे हैं। अब तक सब ठीक था, लेकिन अचानक घर तोड़ने का नोटिस दिया है। नोटिस मिलने के बाद से कुछ समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें। सराकर चाहें तो जुर्माना लगा दें, हमारा मेहनत से बना घर न तोड़ें।’ यह दर्द है पटना के राजपुर पुल इलाके में रह रहे दो परिवारों का। पूरी खबर पढ़ें 11. टीसी के बदले छात्रा से मांगा मटन-पुलाव की पार्टी कटिहार में एक छात्रा से टीसी देने के बदले मटन-पुलाव पार्टी कराने का मामला सामने आया है। बुधवार को आजमनगर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में 8वीं पास छात्रा साबरी खातून अपना स्थानांतरण प्रमाण पत्र लेने पहुंची। वहां शिक्षकों ने उससे मटन-पुलाव पार्टी करवाने को कहा। इसके बाद वो अपने घर से मटन, मछली और पुलाव जैसे पकवान बनवाकर स्कूल लेकर गई। पूरी खबर पढ़ें 12. मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड अधिकारी के बेटे को बांधकर पीटा मुजफ्फरपुर में चोरी के आरोप में एक युवक की पिटाई कर दी गई। स्थानीय लोगों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और लाठी से पिटाई की। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में कुछ दिनों से मवेशी और बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ी है। दो दिन पहले भी बकरी चोरी हुई थी। जिससे ग्रामीण गुस्से में थे। पूरी खबर पढ़ें 13. शादी में डीजे डांस, युवक ने देसी कट्टा लहराया बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के नया डीह गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते हुए छह युवकों द्वारा देसी कट्टा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करती है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस नया डीह गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. BJP का मशाल जुलूस, महिलाओं को विषय पता नहीं पटना में महिला आरक्षण के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाले गए ‘मशाल जुलूस’ में शामिल हुई थीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी तो दिखी, लेकिन उनमें से कई को यह तक पता नहीं था कि वे किस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरी हैं। पूरी खबर पढ़ें
जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. कल 18 जिलो में बारिश को लेकर अलर्ट जारी बिहार के 18 जिलों में कल यानी गुरुवार को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों के अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *