भीषण गर्मी के बीच बिहार का मौसम बदल गया है। बुधवार को पटना समेत प्रदेश के 20 जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान कई जिलों में धूल भरी आंधी चली। आंधी के दौरान कई जिलों में पेड़ गिर गए। बक्सर में तेज आंधी-बारिश के दौरान एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। उस वक्त ई-रिक्शा में 6 लोग सवार थे। सभी को मामूली चोटें आई हैं। यहां स्टेशन रोड के पास एक दुकान पर भी एक बड़ा पेड़ गिर गया। वहीं सुपौल जिले के प्रतापगंज क्षेत्र स्थित सुरियारी टेकुना गांव में नारियल पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। मुजफ्फरपुर में बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ घर पर गिर पड़ा, जिससे पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पटना में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की समस्या बन गई। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई है। 19 जिलों में ऑरेंज, जबकि 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। 60Kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। पहले आंधी बारिश की 5 तस्वीरें देखिए…. बक्सर में आंधी-बारिश के दौरान टला बड़ा हादसा बक्सर में आंधी-पानी के दौरान बड़ा हादसा टल गया। कलेक्ट्रेट रोड पर तेज हवा के कारण एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। उस वक्त ई-रिक्शा में महिला और पुरुष समेत छह लोग सवार थे। सभी को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाकर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं बक्सर स्टेशन रोड पर भी आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ दुकान पर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पेड़ की टहनी गिर गई। उस समय साइडिंग लाइन में एक मालगाड़ी पहले से खड़ी थी और टहनी प्लेटफॉर्म के साथ रेल पहिए पर आ गिरी। आज कैसा रहेगा मौसम मैप से समझिए बिहार में कैसा रहेगा मौसम पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतर जिलों के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, बारिश और तापमान में गिरावट के बावजूद बिहार का कैमूर जिला सबसे गर्म रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद गया में 38.6, रोहतास के डेहरी में 38.1, सारण के छपरा में 37.4 और औरंगाबाद में 37.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।