भिवानी के गांव बड़वा में एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव खानक में एक दुकान के पास पड़ा हुआ मिला। मृतक के पिता ने आरोप लगाए कि उसके बेटे की रंजिश में हत्या की गई है। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। भिवानी के गांव बड़वा निवासी रामधारी ने तोशाम थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें से चार लड़कियां व एक लड़का। उसका बेटा 28 वर्षीय विजय कुमार करीब 10 महीने से ड्राइवरी और हाईड्रा मशीन चलाता है। उसके रिश्तेदार गांव पिंजोखरा निवासी प्यारेलाल ने मोबाइल पर सूचना दी कि उसके लड़के विजय की गांव खानक में छत से गिरकर मौत हो गई। इस सूचना पर परिवार के सदस्य गांव खानक पहुंचे। रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप उस दौरान विजय का शव कैलाश नामक व्यक्ति की दुकान की पिछली साइड में गिरी पड़ी थी। अपने स्तर पर पता किया है। जिसमें आरोप लगाया कि गांव छपार जोगियान निवासी विनित कुमार व गांव धारवाणवास निवासी दिलबाग ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजय की किसी रंजिश रखते हुए हत्या की है। विजय के शरीर पर चोट के निशान भी थे। उनके खिलाफ हत्या व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके कार्रवाई की जाए। पुलिस कर रही मामले की जांच : एसएचओ तोशाम थाना के एसएचओ महाबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक विजय के पिता रामधारी की शिकायत पर विनित व दिलबाग सहित अन्य के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।